भारत-नेपाल सीमा पर 75 करोड़ रुपये मूल्य की 100 किलोग्राम से अधिक चरस जब्त, सात गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

महाराजगंज। उत्तर प्रदेश के महाराजगंज में भारत-नेपाल सीमा के पास दो अलग-अलग घटनाओं में पांच महिलाओं और दो पुरुषों को गिरफ्तार किया गया और उनके पास से 110 किलोग्राम चरस जब्त की गई, जिसकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग 75 करोड़ रुपये है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। 

पुलिस अधीक्षक (एसपी) सौमेंद्र मीना ने कहा कि बृहस्पतिवार को सोनौली इलाके में नशीले पदार्थ की बरामदगी हुई। मीना ने बताया कि बिहार निवासी नवी हसन मियां, गुड्डू यादव, रानी देवी और सीमा देवी को बृहस्पतिवार की शाम नेपाल सीमा से सोनौली की ओर एक कार में आते देखा गया। 

पुलिस ने उन्हें नियमित जांच के लिए रोका और उनके पास से चरस बरामद हुई। एसपी ने बताया कि आरोपियों के पास से 71 पैकेट में कुल 71 किलोग्राम चरस और एक चार पहिया वाहन बरामद किया गया। आरोपियों को गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। 

उन्‍होंने कहा कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मीना ने बताया कि कुछ घंटों बाद पुलिस ने उसी सीमा से तीन नेपाली महिलाओं को 39 किलोग्राम चरस बरामद होने के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस ने बताया कि महिलाएं दिल्ली जा रही थीं। 

यह भी पढ़ें;-पेपर लीक मामले के बहाने राहुल ने पीएम मोदी पर किया पलटवार, कहा- नानी को ननिहाल का हाल सुना रहे हैं

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज