मुरादाबाद : न्याय यात्रा के राजनीतिक प्रभाव के आंकलन में जुटे दल, सपा के साथ आने से बढ़ा जोश

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

राहुल व प्रियंका गांधी के आने से लोकसभा चुनाव से पहले बढ़ गया कांग्रेसियों में उत्साह

मुरादाबाद, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले मंडल के जिलों में राजनीतिक दिग्गजों के कार्यक्रम से सियासी तापमान बढ़ गया है। इनके कार्यक्रमों में उमड़ी भीड़ का गुणा  गणित लगाया जा रहा है। शनिवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने मुरादाबाद पहुंचे राहुल गांधी के रोड शो में उमड़ी भीड़ ने राजनीतिक पंडितों को चौंका दिया है। इस भीड़ के राजनीतिक प्रभाव का आंकलन हर दल में हो रहा है। 

19 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संभल में कल्कि धाम के शिलान्यास कार्यक्रम में आए थे। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी उपस्थित रहे। दोनों की उपस्थिति में सभा में जुटी भारी भीड़ ने दूर तक राजनीतिक संदेश दिया। हालांकि कार्यक्रम धार्मिक था। इसके बाद मुरादाबाद में 21 फरवरी को आए समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की उपस्थिति ने मंडल मुख्यालय पर सरगर्मी बढ़ा दी।

शनिवार को भारत जोड़ो न्याय यात्रा लेकर राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के जामा मस्जिद से लेकर कोहिनूर तिराहे तक चले रोड शो में उमड़ी हजारों की भीड़ में हर वर्ग की उपस्थिति ने विरोधियों की भी नींद उड़ा दी है। वहीं कांग्रेस ने खुद को मुरादाबाद में अब हल्के में न लेकर इस सीट पर गठबंधन के बाद भी अपनी मजबूत दावेदारी कहीं न कहीं पेश कर दी है। इससे सपा व कांग्रेस के चुनाव लड़ने की इच्छा रखने वालों में उत्साह और असमंजस दोनों बढ़ गया है।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा में जहां राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री की कार्यशैली पर निशाना साधा तो वहीं प्रियंका गांधी वाड्रा ने ससुराल में अपने रिश्तों की दुहाई देकर लोगों से दिली जुड़ाव दिखाया। किसी से हाथ मिलाकर तो किसी को गले लगाकर उन्होंने जो आत्मीयता दिखाई उसका असर दूर तक दिखेगा। यह तय माना जा रहा है। वहीं समाजवादी पार्टी के सीटिंग सांसद का नाम भी सपा की अब तक घोषित सूची में न होने से कांग्रेस के दावेदारों की इच्छा भी हिलोरे मार रही हैं। अब वह इस सीट को अपने खाते में लाने में और दमदारी से जुट कर पार्टी नेतृत्व को अपने पक्ष में लाने में जुट गए हैं।

2009 में मिली थी कांग्रेस को जीत
बात करें लोकसभा चुनाव की तो कांग्रेस को इस सीट पर आखिरी बार 2009 में जीत मिली थी। जब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरूद्दीन राजनीति के पिच पर चौके-छक्के जड़कर मुरादाबाद की जनता के आशीर्वाद से चुनाव जीत कर लोकसभा में पहुंचे थे। हालांकि इसके बाद 2014 में यह सीट भाजपा और 2019 में समाजवादी पार्टी के पास चली गई। वर्तमान में मुरादाबाद से समाजवादी पार्टी के डॉ. एसटी हसन लोकसभा के सांसद हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : मौत पर भारी पड़ी जिंदगी...नवजात बच्ची को मरने के लिए नाले में फेंका, फरिश्ता बनी मीनाक्षी ने बचाया

 

संबंधित समाचार