बरेली: 'रोजगार देने के साथ युवाओं को अध्यात्म से भी जोड़ना है', बोले संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला
करीब चार लाख बिलियन डॉलर के साथ भारत विश्व की है पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था
बरेली, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. हरीश रौतेला ने कहा कि रोजगार भारती तीन वर्षों से युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए सतत रूप से प्रयासरत है। इसका उद्देश्य युवाओं को नौकरी दिलाने का मार्ग प्रशस्त करना मात्र नहीं बल्कि उन्हें अध्यात्म से भी जोड़ना है। वर्तमान में हम लगभग चार लाख बिलियन डॉलर के साथ विश्व की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था हैं। हमारा लक्ष्य पहले पायदान पर पहुंचना है। यह युवाओं के रोजगार से ही संभव होगा। वह रविवार को रोजगार भारती बृज प्रांत की ओर से रुहेलखंड विश्वविद्यालय के अटल सभागार में आयोजित रोजगार मेले में बोल रहे थे।
इससे पहले मेले की शुरुआत पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने की। वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार ने कहा कि स्वरोजगार के लिए केंद्र और प्रदेश सरकार कई योजनाएं चला रही है। मुद्रा लोन योजना के माध्यम से करोड़ों युवाओं ने स्वरोजगार शुरू किए हैं।
3618 को नियुक्ति पत्र बांटे
रोजगार मेले में हाईस्कूल से लेकर स्नातक, परास्नातक, एमबीए, बी-टेक, होटल मैनेजमेंट, नर्सिंग, एलएलबी, एलएलएम, आईटीआई, जीटीआई, बी-फोर्मा, डी-फार्मा और डिप्लोमा, बीसीए और एमसीए समेत तमाम कोर्स करने वाले युवा पहुंचे। 8945 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया। इसमें से 3618 को मौके पर ही नियुक्ति पत्र दिए गए, जबकि 1295 अभ्यर्थियों ने प्रथम चरण की प्रक्रिया पार कर ली है। द्वितीय चरण के साक्षात्कार के बाद उन्हें नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। अधिकतम चयनित अभ्यर्थियों की 5.30 लाख वार्षिक पैकेज पर नियुक्ति की गई है। पांच अभ्यर्थियों को 4 लाख सत्तर हजार का पैकेज मिला है।
युवाओं और कंपनियों के बीच सेतु संवाद स्थापित कर रही रोजगार भारती
रोजगार भारती के ब्रज प्रांत के रोजगार मेला प्रमुख रतन पाल सिंह ने बताया कि संस्था ने यह दूसरा रोजगार मेला कराया है। युवाओं और कंपनियों के बीच सेतु संवाद स्थापित करने के लिए रोजगार भारती प्रयासरत है। महानगर संयोजक अभिनव कटरू ने बताया कि मेहंदी, नंदी नारियल प्वाइंट, नंदी वाहन, ठेला वितरण आदि के माध्यम से हजारों युवाओं को स्वरोजगार की दिशा में आगे बढ़ाया गया है। संचालन आदित्य प्रकाश ने किया।
यह लोग रहे मौजूद
प्रांत संघ चालक शशांक भाटिया, सह प्रांत प्रचारक धर्मेंद्र, प्रांत सह कार्यवाह राजपाल, बरेली विभाग के संघ चालक ओम प्रकाश, सह विभाग संघ चालक राजकुमार, विभाग प्रचारक धर्मेंद्र भारत, शाहजहांपुर के विभाग प्रचारक धर्मेंद्र धवल, बदायूं के विभाग प्रचारक विशाल, विभाग प्रचार प्रमुख धर्मेंद्र, महानगर प्रचारक मयंक, महानगर कार्यवाह विमल, सह महानगर कार्यवाह और रोजगार भारती के पालक आलोक प्रकाश, मेयर डॉ. उमेश गौतम, विधायक डॉ. एमपी आर्य, जसपिन्दर, संजू गुप्ता, विशाल चित्रांश, नीरज गर्ग, मयंक गोयल, अनिरुद्ध मित्तल, रचना सक्सेना, आयुष सक्सेना मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- Bareilly News: आज आएंगे PWD मंत्री जितिन प्रसाद, विभागीय परियोजनाओं का करेंगे स्थलीय निरीक्षण
