सीबीआई के समन पर आज नहीं जाएंगे अखिलेश यादव, अवैध खनन मामले में होनी है गवाही  

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। समाजवादी पार्टी (सपा) प्रवक्ता ने बृहस्पतिवार को कहा कि अवैध खनन मामले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गवाही के लिए भेजे गए समन पर पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव आज दिल्ली नहीं जाएंगे। पार्टी प्रवक्ता राजेंद्र चौधरी ने कहा, ‘‘ वह (अखिलेश यादव) कहीं नहीं जा रहे हैं। वह लखनऊ में एक बैठक में भाग लेंगे।’’ यादव को सीबीआई द्वारा जारी नोटिस पर उन्होंने कहा, ‘‘ मुझे इस संबंध में विस्तृत जानकारी नहीं है, लेकिन यह तय है कि वह आज दिल्ली नहीं जा रहे हैं।’’ 

मिली जानकारी के अनुसार अखिलेश यादव का यहां पार्टी कार्यालय में पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग) की बैठक में शामिल होने का कार्यक्रम है और अब तक उनकी कहीं भी जाने की कोई योजना नहीं है। समाजवादी पार्टी पिछड़ा वर्ग के प्रदेश अध्यक्ष राजपाल कश्यप ने मीडिया से कहा, ‘‘अखिलेश जी आज पार्टी कार्यालय में पीडीए की बैठक में शामिल होंगे।’’ 

बताते चलें कि सीबीआई ने पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को ‘ई-टेंडरिंग’ प्रक्रिया के कथित उल्लंघन के जरिए खनन पट्टी जारी करने से जुड़े एक मामले में आज तलब किया है। उन पर आरोप है कि जब वह मुख्यमंत्री थे तो उनके कार्यकाल में अधिकारियों ने 2012-16 के दौरान अवैध खनन की अनुमति दी थी और खनन पर राष्ट्रीय हरित न्यायाधिकरण द्वारा प्रतिबंध के बावजूद अवैध रूप से लाइसेंस नवीनीकृत किए गए। अधिकारियों ने बताया कि दंड प्रक्रिया संहिता (सीआरपीसी) की धारा 160 के तहत जारी नोटिस में सीबीआई ने अखिलेश को 29 फरवरी को उसके सामने पेश होने को कहा है। इस मामले में उन्हें बतौर गवाह पेश होने का समन दिया गया है।  

ये भी पढ़ें -Lok sabha election 2024: आज आएगी केंद्रीय चुनाव आयोग की टीम, परखेगी तैयारियां

संबंधित समाचार