स्वतंत्र प्रेस और अहम संस्थाएं मुझे दो, मोदी सरकार को टिकने नहीं दूंगा: राहुल
पटियाला। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि मुझे स्वतंत्र प्रेस और अहम संस्थाएं दे दो और फिर देखिये मोदी सरकार लम्बे समय तक नहीं टिक सकेगी। उन्होंने कहा कि कोई देश लोगों की आवाज़ बनने के लिए विपक्ष, मीडिया, न्यायिक प्रणाली और संस्थाओं समेत एक ढांचे में रह कर काम करता है। …
पटियाला। कांग्रेस के नेता राहुल गांधी ने कहा है कि मुझे स्वतंत्र प्रेस और अहम संस्थाएं दे दो और फिर देखिये मोदी सरकार लम्बे समय तक नहीं टिक सकेगी। उन्होंने कहा कि कोई देश लोगों की आवाज़ बनने के लिए विपक्ष, मीडिया, न्यायिक प्रणाली और संस्थाओं समेत एक ढांचे में रह कर काम करता है।
भारत में समूचे ढांचे को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने कंट्रोल किया हुआ है और आवाम की आवाज़ बनने के लिए बनायी गई रूपरेखा को हथिया लिया गया है। यदि मुझे स्वतंत्र प्रैस और स्वतंत्र संस्थाएं दे दो तो मोदी सरकार बहुत देर तक नहीं टिक सकेगी।
काले कृषि कानूनों के विरुद्ध ‘खेती बचाओ यात्रा’ के तीसरे और पंजाब में अंतिम दिन आज प्रेस को संबोधित करते हुये राहुल गांधी ने कहा कि मोदी सरकार सभी प्रमुख संस्थाओं पर काबिज़ हो चुकी है और ऐसा करने के लिए जोर-जबरन का तरीका अपनाया है। भाजपा सरकार देश की आत्मा पर काबिज़ हो चुकी है जिसको लेकर कांग्रेस पार्टी लड़ाई लड़ रही है और आगे भी संघर्ष तेज होगा।
राहुल गांधी ने कहा कि सरकार ने चाहे संस्थाओं पर कब्ज़ा कर लिया हो लेकिन वो किसानों, नौजवानों और छोटे व्यापारियों पर कंट्रोल नहीं कर सकती। मैं इन लोगों में काम करता हूं जिनको मोदी की नीतियों ने झकझोर कर रख दिया है। मैं सहनशील व्यक्ति हूं और तब तक इन्तज़ार करूंगा, जब तक लोग सत्य नहीं देख लेते।
राहुल गांधी ने कहा कि वह मोदी सरकार की तरफ से इन घातक कानूनों के साथ किसानों को तबाह करने के विरुद्ध हर स्तर पर जंग लड़ने के लिए वचनबद्ध हैं। मोदी सरकार ने पहले एस.एम.ईज और छोटे व्यापारियों को नोटबन्दी और जीएसटी के साथ निशाना बनाया था। मैं उनके साथ लड़ूंगा और उनको रोकूंगा। यदि एमएसपी ख़त्म हो गई तो पंजाब, हरियाणा और अन्य कृषि वाले राज्यों जैसे कि उत्तर प्रदेश और राजस्थान का कोई भविष्य नहीं बचेगा।
