Agra News: पीएम मोदी राम तो अमित शाह और योगी हैं लक्ष्मण- नवीन जैन
आगरा, अमृत विचार। 27 फरवरी को राज्य सभा का सदस्य निर्वाचित होने के बाद पहली बार आगरा पहुंचे नवीन जैन का जोरदार स्वागत किया गया। आगरा पहुंचे नवनिर्वाचित राज्यसभा सदस्य नवीन जैन का रामाडा होटल के पास एक कार्यक्रम के अंतर्गत स्वागत समारोह आयोजित किया और वहां से उनका एक बड़ा काफ़िला शहर की तरफ बड़ा।
होटल रमाडा से होते हुए फतेहाबाद रोड, माल रोड, छीपीटोला, रावली चौराहा, धाकरान, एमजी रोड होते हुए कमला नगर उनके निवास पर पहुंचा। इस दौरान उनका जगह जगह भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोशीले अंदाज में स्वागत किया।
निर्वाचित होने के बाद पहली बार आगरा पहुंचे नवीन जैन
लोकसभा के उच्च सदन में निर्वाचित होने के बाद पहली बार आगरा पहुंचे नवीन जैन मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भारत राम राज्य की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले पवित्र संसद के अंदर माफिया और गुंडो की एक बड़ी फ़ौज थी, जो 2014 के बाद इन सभी को ख़त्म करने का काम किया जा रहा है। 2014 से पहले देश में आतंक का माहौल था तो वहीं अब देश राम राज्य की ओर बढ़ रहा है। नवीन जैन ने पीएम मोदी की तुलना प्रभु श्रीराम से और अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ की तुलना लक्ष्मण के रूप में की।
नवीन जैन ने कहा- मैंने अपना जीवन वार्ड अध्यक्ष के रूप में शुरू किया था
आगरा पहुंचे नवीन जैन ने कहा कि मैंने अपना जीवन वार्ड अध्यक्ष के रूप में शुरू किया था, जो पार्षद डिप्टी मेयर, मेयर से लेकर प्रदेश भाजपा का सह कोषाध्यक्ष तक का सफऱ तय किया है। उन्होंने कहा कि वार्ड अध्यक्ष से लेकर अब उच्च सदन में राज्यसभा सदस्य बनकर देश की सेवा करने का अवसर संगठन और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, अध्यक्ष जेपी नड्डा एवं मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुझे दिया है। मैं उनकी आकांक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करूंगा।
उन्होंने इस दौरान कहा कि देश में इस समय स्वर्णिम काल चल रहा है, यह स्वर्णिम दौर भाजपा के हर कार्यकर्ता का है। उन्होंने कहा कि 2014 से पहले देश की राजनीति में गंदगी व्याप्त थी। देश की पवित्र संसद में गुंडागर्दी, माफियागीरी, मवाली गीरी करने वाले लोग जिनको डाकू कहा करते थे, लोकसभा जैसे पवित्र मंदिर में पहुंचा करते थे। वहीं आज देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में यह सब ख़त्म करने का काम किया गया है। आज देश में इस गंदगी को खत्म करने का काम देश के पीएम नरेंद्र मोदी ने किया है।
उन्होंने कहा कि 2014 से पहले शरीफ और सम्मान से जीने वाले लोग राजनीति में आने से डरते थे। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी का साफ संदेश है कि देश के आपराधिक तत्व के लोग और भ्रष्टाचारी जेल में होंगे। आज इन सभी को जेल भेजने का काम किया जा रहा है।
नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने प्रभु श्रीराम का अवतरण किया है। यह अवतरण देश की राजनीतिक शुद्धिकरण के लिए किया है। आज देश की राजनीति में भ्रष्टाचार एवं अपराध करने वाले लोगों को जेल भेजने का काम किया जा रहा है। पीएम मोदी प्रभु श्रीराम की तरह हैं तो वहीं गृह मंत्री अमित शाह और सीएम योगी आदित्यनाथ लक्ष्मण की भूमिका में हैं। आज भारत की राजनीति का शुद्धिकरण हो रहा है।
ये भी पढे़ं- Agra News: ऑटो में मिला ड्राइवर का शव, परिजन ने लगाया हत्या का आरोप
