बहराइच: चार दिन से लापता युवक का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बहराइच: चार दिन से लापता युवक का फंदे से लटकता मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

बहराइच, अमृत विचार। जंगल से सटे ग्राम पंचायत अड़गोड़वा ग्राम निवासी एक युवक का शुक्रवार सुबह फंदे से शव लटकता मिला। युवक से एक युवती को लेकर गांव में विवाद हुआ था। इसके बाद से वह चार दिन से घर नहीं गया था। परिवार के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

मोतीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत अडगोड़वा के मजरा सियापुरवा गांव में 25 फरवरी को नृत्य कार्यक्रम था। नृत्य कार्यक्रम देखने के लिए गांव निवासी सुनील कुमार (33) पुत्र बालकराम गया था। नाच देखने के बाद वह वापस अपने घर आ रहा था।

गांव निवासी एक युवती के कहने पर उसके परिवार के लोगों ने सुनील को रोक लिया था। कुछ कहासुनी हुई। इसके बाद वह घर आए। 26 फरवरी से सुनील लापता हो गया। शुक्रवार सुबह उसका शव गांव में फंदे से लटकता मिला। जिस पर परिवार में चीख पुकार मच गई। परिवार के लोग रोने लगे। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

प्रभारी निरीक्षक दद्दन सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।  उन्होंने फंदे से युवक का शव उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सही स्थिति का पता चल सकेगा। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जायेगी।

कल पयागपुर में था मृतक
मृतक सुनील के भाई अखिलेश ने बताया कि 25 फरवरी को गांव निवासी युवती के कहने पर उसके परिवार के लोगों ने भाई का उत्पीड़न किया था। कल पयागपुर निवासी बिल्लू नामक व्यक्ति ने बात कराई थी। इसके बाद शुक्रवार को उसका शव फंदे से लटकता मिला। भाई के साथ पिता और बाबा ने हत्या का आरोप लगाया है।

यह भी पढ़ें:-बाबू केडी सिंह की कोठी होगी नीलाम, बोली लगाने के लिए सामने आए नौ खरीददार, जानें कब होगी नीलामी