Kanpur Dehat: अवैध खनन को लेकर फायरिंग में पांच नामजद व बीस अज्ञात पर FIR, राज्यमंत्री बोली- वह खुद सीएम को कराएंगी अवगत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात में खनन को लेकर फायरिंग में पांच नामजद व बीस अज्ञात पर केस दर्ज

कानपुर देहात, अमृत विचार। थाना क्षेत्र के सिहुरा भावन गांव के पास गुरुवार की रात अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर पहुंचे ग्राम प्रधान पर आरोपियों ने फायरिंग कर दी थी। सूचना पर पहुंची राज्यमंत्री व पूर्व सांसद ने पुलिस व एसडीएम को बुलाकर कार्रवाई की मांग की थी। देर रात पुलिस ने प्रधान की तहरीर पर पांच नामजद व बीस अज्ञात के खिलाफ जान से मारने का प्रयास, पब्लिक प्रापर्टी डैमेज एक्ट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली।

kanpur dehat 2

रनियां-मैथा मार्ग पर करबक ग्रामसभा के सिहुरा भावन गांव के पास गुरुवार की रात मिट्टी खनन का काम चल रहा था। ग्रामीणों की जानकारी ग्राम प्रधान करबक ओमप्रकाश उर्फ संजय पांडेय मौके पर गए थे। आरोप है कि मिट्टी खनन में लोगों ने प्रधान पर असलहे से फायरिंग कर दी। उन्होंने किसी तरह जान बचाई। ग्राम प्रधान ने अवैध खनन होने की जानकारी रनियां थाना पुलिस व प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला को दी थी और गांव वालों से मदद की गुहार लगाई थी। 

जिसपर राज्यमंत्री व पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी समेत बड़ी संख्या मंे ग्रामीण मौके पर पहुंच गए थे। राज्यमंत्री की सूचना पर एसडीएम सदर अवनीश कुमार सिंह, सीओ तनु उपाध्याय, खान विभाग के अधिकारी व एसओ रनियां महेंद्र पटेल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे थे। पुलिस ने घटनास्थल से मिट्टी खनन में लगी एक जेसीबी, दो डंपर, एक विधायक का स्टीकर लगी स्कार्पियो, एक एसयूवी कार सहित चार लोगों को हिरासत में लिया था। 

जिनमे से एक आरोपी ने प्रदेश सरकार के एक कैबिनेट मंत्री का भांजा बताया था। राज्यमंत्री व पूर्व सांसद ने अफसरों की मिलीभगत से रात में खनन होने का आरोप लगाया था। एसडीएम ने खनन के लिए अनुमति होने व सही जगह होने की जानकारी दी थी। देर रात तक राज्यमंत्री, पूर्व सांसद अपने समर्थकों के साथ कार्रवाई की मांग पर डटे रहे। जिसके बाद शुक्रवार सुबह करीब पौने चार बजे रिपोर्ट दर्ज की गई। 

रनियां थाना प्रभारी महेंद्र पटेल ने बताया कि ग्राम प्रधान की तहरीर पर रनियां निवासी सरल प्रताप सिंह, पुखरायां निवासी जय कुमार, गजनेर थाना क्षेत्र के पेराजोर निवासी रामजी, रनियां निवासी रोहित, सुधीर अग्रवाल पता अज्ञात व बीस अज्ञात लोगों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। खुदाई करने वाली जेसीबी, डंपर व कार को सीज कर थाने में खड़ा करा दिया गया है।

अवैध खनन को लेकर सीएम से खुद मिलेंगी राज्यमंत्री

सिहुराभावन में खनन के दौरान फायरिंग के मामले में राज्यमंत्री प्रतिभा शुक्ला ने कहा कि उनके विधानसभा क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी खनन कराया जा रहा था। साथ ही कार में विधायक का स्टीकर लगाकर गलत कार्य कर उनकी छवि धूमिल करने का प्रयास किया गया है। उन्होंने कहा कि मिट्टी के जरा से पैसों के लिए किसी की जान ले लेना। कहां तक सही है। पूरा मामला रात में ही मुख्यमंत्री कार्यालय में दर्ज कराया गया है। जबकि वह खुद लखनऊ जाकर मुख्यमंत्री को पूरी घटना से अवगत करा कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित कराएंगी।

दरोगा की भूमिका में सीओ पर भड़के पूर्व सांसद

सिहुराभावन में अवैध खनन की शिकायत पर पहुंचे पूर्व सांसद अनिल शुक्ला वारसी बिना नाम लिए रनियां थाने के एक दरोगा पर आरोप लगाते हुए सीओ सदर तनु उपाध्याय पर भड़क गए। उन्हांेने कहा कि जब वह राज्यमंत्री के साथ मौके पर जा रहे थे। तब रास्ते में रनियां थाने का एक दरोगा मिला। उसी ने आरोपियों को कार से भगा दिया। जिसमे असलहे भी थे। पूर्व सांसद ने रात के समय खनन को गलत बताते हुए खान अधिकारी को जिम्मेदार ठहराते हुए ईडी को भी संपत्ति की जांच कराने के लिए रिपोर्ट भेजने की बात कही।

दोबारा जमीन पर खनन की अनुमति देने का आरोप

सिहुरा भावन में जिस जगह पर खनन की अनुमति दी गई है। उसके बारे मंे ग्रामीणों का आरोप है कि एक बार खनन कुछ समय पहले उसी खेत में खनन हो चुका है। दोबारा उसी  गाटा में परमिशन बिना जांच किए ही आदेश कर दिया गया। पहले करीब चार फीट मिट्टी का खनन किया गया। दोबारा जो खनन हो रहा है, उसकी गहराई करीब बीस फीट तक कर दी गई। ऐसे में जानवर और लोगों के गिरने का खतरा बना हुआ है।

नामजद आरोपी ने भी पुलिस को दी तहरीर

खनन को लेकर करबक ग्राम प्रधान पर फायरिंग समेत अन्य धाराओं में नामजद आरोपी जय पटेल की ओर से भी रनियां थाना में तहरीर दी गई थी। जिसमे जय पटेल ने ग्राम प्रधान पर अवैध उगाही का आरोप लगाया है। प्रतिदिन का हिस्सा न देने पर उससे व साथियों से मारपीट कर लाखों रुपये की लूट की बात कही गई है। हालाकि पुलिस ने तहरीर पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं की है।

रोका गया खनन, ग्रामीणों में रही चर्चा

गुरुवार रात सिहुराभावन में खनन को लेकर फायरिंग व राज्यमंत्री, पूर्व सांसद के पहुंचने के बाद आरोपियों पर कार्रवाई कर अफसरों ने खनन को तत्काल रुकवा दिया। वहीं मामले में सत्ता पक्ष के एक ही एक जनप्रतिनिधि के कथित भांजे का शामिल होना लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा। वहीं शुक्रवार को पुलिस कर्मी खनन स्थल की टोह लेते रहे। 

ये भी पढ़ें- Fatehpur Fire: चलती कार में लगी आग...चालक ने रोककर बचाई लोगों की जान, शादी समारोह से लौट रहे थे

संबंधित समाचार