Kanpur: एक करोड़ का लोन दिलाने का झांसा...आरोपी ने पीड़ित से ठगे लाखों रुपये, इस तरह विश्वास में भी लिया
कानपुर में विश्वास में लेकर पीड़ित से लाखों रुपये की ठगी
कानपुर, अमृत विचार। अनवरगंज थानाक्षेत्र में एक फाइनेंस कंपनी में एक करोड़ का लोन दिलाने के नाम पर आरोपी ने कमीशन तो ले लिया लेकिन लोन नहीं दिया। आरोपी ने पीड़ित महिला को दो बार चेक दी, जो बैंक में लगाने पर स्टॉप पेमेंट कर दी गईं। महिला ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
लाटूश रोड निवासिनी कंचनलता ने पुलिस को बताया कि आरके फाइनेंस के प्रोप्राइटर राज कुमार शर्मा निवासी ब्लॉक अर्बन जिला प्रयागराज द्वारा मुद्रा लोन का काम कराया जा रहा है। 11 सितंबर 2020 को वह पति के साथ राज कुमार शर्मा के पास लखनऊ ऑफिस गईं और मुद्रा लोन एक करोड़ रुपये दिलाने को कहा।
राज कुमार शर्मा ने उनसे 10 प्रतिशत कमीशन मांगा। बाद में राजकुमार शर्मा का फोन आया और 92,50,800 रुपये लोन स्वीकृत होने की बात कही। उन्हें लखनऊ बुलाकर 46,25,400 रुपये की चेक दी गई। जिसके एवज में उन्होंने राज कुमार शर्मा को 7,50,000 रुपये कमीशन दे दिया। शेष कमीशन की राशि चेक भुगतान के बाद देने को कहा।
महिला के अनुसार जब उन्होंने खाते में चेक लगाई तो स्टॉप पेमेन्ट कर दिया गया। इस पर राज कुमार शर्मा ने 46,25,400 रुपये की दूसरी चेक दी। वह भी स्टॉप पेमेन्ट कर दी गई। पीड़ित महिला के अनुसार उसने कमीशन के दिए साढ़े सात लाख रुपये वापस मांगे तो राजकुमार ने जान से मारने की धमकी दी।
अनवरगंज प्रभारी निरीक्षक नीरज ओझा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर राज कुमार शर्मा के खिलाफ धोखाधड़ी, विश्वासघात, अपमान करने व धमकी में रिपोर्ट दर्ज करके कार्रवाई की जा रही है।
