गोंडा: घर से निकलने वाली थी बारात, दूल्हे की प्रेमिका ने थाने पहुंच किया हंगामा, पुलिस ने रोकवाई शादी
नवाबगंज/गोंडा, अमृत विचार। शादी के लिए दूल्हा बारात लेकर निकलने वाला था कि प्रेमिका ने थाने पर पहुंच कर हंगामा कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर शादी रुकवा दी। थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव निवासी एक दूल्हा शनिवार की शाम अपनी बारात लेकर थाना क्षेत्र के एक गांव के लिए निकलने वाला था।
शादी की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। घर की औरतें तथा बच्चे डीजे की धुन पर नाच गा रहे थे। घर में बारात विदाई की रस्में पूरी की जा रही थीं। तभी शनिवार की शाम दूल्हे की प्रेमिका ने थाने पर पहुंच कर दूल्हे के साथ चार साल पहले कोर्ट में शादी करने की बात कह कर शादी रूकवाने की मांग की।
टाल मटोल करने के बाद पुलिस ने दूल्हे के परिजनों को थाने पर बुलाकर मामले के बारे हकीकत जानने का प्रयास किया। दोनों पक्षों के बातचीत के बाद मामले का हल न निकलने के बाद पुलिस ने प्रेमिका की तहरीर पर दहेज उत्पीड़न सहित कई धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया।
उधर लड़की वालों को दूल्हे के पहले से कोर्ट मैरिज करने के बारे में जानकारी मिलते ही शादी करने से इंकार कर दिया। दूल्हे की प्रेमिका, उसकी चचेरी विधवा भाभी है। प्रेमिका ने बताया कि उसकी शादी करीब बारह साल पहले हुई थी। उसके एक ग्यारह साल का लड़का भी है। उसके पति की छः साल पहले मृत्यु हो गई थी। उसके बाद उसके चचेरे देवर ने प्रेमजाल में फंसा कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। नवंबर 2020 में कोर्ट में जाकर दोनों ने शादी कर लिया और दोनों पति-पत्नी के रूप में रहने लगे।
पीड़ित प्रेमिका ने बताया कि शादी के बाद से ही प्रेमी उसके साथ मार-पीट करते हुए दहेज की मांग करने लगा। प्रेमी व पति से परेशान हो वह अपने मायके चली आई। शनिवार को जानकारी मिली कि उसका पति शादी करने जा रहा है। तब वह थाने पर पहुंच कर शादी रूकवाने की गोहार लगाई। देर रात तक दोनों पक्षों का थाने पर जमावड़ा लगा रहा।
उधर लड़की पक्ष के लोगों की सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थी। लोग बारात पहुंचने का इंतजार कर रहे थे। वहां पर मामले की सूचना मिलते ही सभी तैयारियों पर पानी फिर गया खुशी का माहौल अचानक सन्नाटे में बदल गया। लड़की घर वालों ने शादी करने से खुद इंकार कर दिया। प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार राय ने बताया कि दूल्हे के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यह भी पढे़ं: बहराइच: जूनियर शिक्षक संघ के चौथी बार अध्यक्ष बने विद्या विलास, अन्य पदाधिकारियों का भी हुआ चयन
