अमरोहा : सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत, ट्रक के नीचे फंसी बाइक में उलझकर 500 मीटर तक घिसटते रहे तीनों शव
मां की गोद से उछलकर गिरी तीन महीने की बच्ची के दोनों पैर कुचले
अमरोहा/डिडौली/अमृत विचार। नेशनल हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने पीछे से टक्कर मारकर बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दंपती समेत तीन लोगों की मौत हो गई। ट्रक की टक्कर से मां की गोद से उछलकर दूर गिरी तीन महीने की बच्ची के दोनों पैर कुचल गए। ट्रक के नीचे फंसी बाइक में उलझकर तीनों शव करीब 500 मीटर तक घिसटते रहे। जिससे शव क्षत-विक्षत हो गए। राहगीरों के शोर मचाने पर चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। पुलिस ने बच्ची को उपचार के लिए हायर सेंटर भिजवाया है।
हादसा रविवार दोपहर डिडौली कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर लैंडमार्क कॉलेज के सामने हुआ। मुरादाबाद जिले के मझोला थाना क्षेत्र के गांव मथाना में ओम प्रकाश सिंह का परिवार रहता है। उनके दो बेटे सोनू (25 वर्ष) और विनय (23 वर्ष) डिडौली में किराये के मकान में रहते थे। सोनू के साथ उसकी 22 वर्षीय पत्नी सुनैना और तीन महीने की बच्ची भी थी। सोनू गांव कालाखेड़ा में अपने मामा मुनेश की साइकिल रिपेयर की दुकान में काम करता था। जबकि विनय हाईवे स्थित फैक्ट्री में मजदूर था।
रविवार को डिडौली क्षेत्र के गांव मुबारकपुर नूरी में सोनू और विनय की ममेरी बहन की शादी थी। जिसमें शामिल होने के लिए सोनू, उसकी पत्नी सुनैना, भाई विनय और बच्ची को साथ लेकर एक बाइक से दोपहर में मुबारकपुर नूरी जा रहे थे। पुलिस के मुताबिक जब इनकी बाइक हाईवे स्थित लैंडमार्क कॉलेज के सामने से गुजरी तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद सोनू, विनय और सुनैना बाइक समेत ट्रक के निचले हिस्से में फंस गए। जबकि ट्रक की चपेट में आने से बच्ची की दोनों टांगे कुचल गईं। हाईवे पर ट्रक के साथ करीब 500 मीटर तक घिसटने से तीनों के शव क्षत-विक्षत हो गए।
सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक सुधीर कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर आ गए । सीओ सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायल बच्ची को उपचार के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। परिजनों की तहरीर पर ट्रक चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
ये भी पढ़ें : Amroha News : छेड़छाड़ के आरोपी को मिली पांच चप्पल मारने की सजा, पंचायत ने सुनाया फरमान
