मीरजापुर: भटवारी गांव में दिखा दस फीट का मगरमच्छ, वन विभाग ने पकड़कर जलाशय में छोड़ा
मीरजापुर। जिले के हलिया थाना क्षेत्र के भटवारी गांव की पहाड़ी बस्ती में सोमवार की भोर में करीब दस फीट लंबा मगरमच्छ शपथमुनि कोल के घर के सामने चहलकदमी करते हुए पहुंच गया। कुत्तों के लगातार भौंकने और अगल बगल बांधे गए मवेशियों के छटपटाने पर गृहस्वामी शपथमुनि की नींद खुली तो देखा कि दस फीट लंबा मगरमच्छ घर के भीतर की ओर बढ़ता चला आ रहा है।
मगरमच्छ को घर के भीतर आते देख गृहस्वामी के हाथ पांव फूल गए। परिजनों को जगाते हुए शोरगुल मचाते हुए घर से बाहर निकला। शोरगुल सुनकर बस्ती के लोग लाठी डंडा लेकर मौके पर पहुंच गए ग्रामीणों ने मगरमच्छ के ऊपर बोरा फेंककर उसे घेर लिया। ग्रामीणों ने घटना की सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पीआरवी और स्थानीय पुलिस ने बस्ती में मगरमच्छ के आने की वनविभाग को सूचना दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे वन दरोगा अजय प्रकाश,वन रक्षक अरविन्द कुमार, नीटू शर्मा, शीतला बख्श सिंह, रामदास आदिवासी ने ग्रामीणों के सहयोग से कड़ी मशक्कत के बाद सोमवार सुबह सात बजे के करीब मगरमच्छ को पकड़कर ट्रैक्टर ट्राली पर लादकर मेजा ददरी जलाशय में सुरक्षित छोड़ दिया है।
वन विभाग द्वारा मगरमच्छ को पकड़कर ले जाने पर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली। वन दरोगा अजय प्रकाश ने बताया कि मगरमच्छ संभवतः समीप स्थित अदवा नदी से निकलकर भटकते हुए बस्ती में पहुंच गया था। वन रेंजर हलिया अवध नारायण मिश्र ने बताया कि मगरमच्छ को वनविभाग की टीम ने सुरक्षित पकड़कर मेजा ददरी बांध में छोड़ दिया है।
यह भी पढ़ें:-अखिलेश यादव का BJP पर तंज, कहा- किसने सोचा था.., भाजपा के ऐसे दिन भी आएंगे...
