Kanpur Dehat: ऐतिहासिक जमदग्नि आश्रम का 1.25 करोड़ से होगा सुंदरीकरण...अब पर्यटन को और मिलेगा बढ़ावा

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर देहात के ऐतिहासिक जमदग्नि आश्रम का 1.25 करोड़ से होगा सुंदरीकरण

कानपुर देहात, अमृत विचार। रसूलाबाद क्षेत्र के जमथर खेड़ा स्थित ऐतिहासिक जमदग्नि आश्रम का सुंदरीकरण करने के लिए शासन से 1.25 करोड़ रुपये की धनराशि जारी कर दी गई है। जिससे यहां पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा।

भगवान परशुराम के पिता ऋषि जमदग्नि का आश्रम जमथरखेड़ा में है। इसके करीब तीन किलोमीटर दूर परशुराम जी की जन्मस्थली परसौरा है। जोत गांव के पास ऊंचे टीले पर जमदग्नि आश्रम बना हुआ है। हिंदू आस्था के इस स्थल पर पर्यटन विकास को लेकर सुंदरीकरण की कवायद शुरू की गई है। इसके लिए शासन से 1.25 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।

सुंदरीकरण का जिम्मा कार्यदायी संस्था उप्र राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड को दिया गया है। जल्द ही ठेकेदार के चयन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके बाद सुंदरीकरण का काम शुरू होगा। जिसके तहत आश्रम स्थल पर स्टोन वर्क, वाटर प्रूफिंग, दीवारों पर प्लास्टर आदि कार्य कराए जाएंगे। साथ ही दो वाटर कूलर और 500 लीटर क्षमता के दो वाटर टैंक लगाए जाएंगे। 

बिजली की वायरिंग से संबंधित काम होंगे। परिसर में सात स्थानों पर एक्जास्ट फैन लगाए जाएंगे। कंक्रीट के पांच कूड़ेदान, रेड स्टोन की दस बेंच रखी जाएंगी। इस बावत राज्य पर्यटन विकास निगम लिमिटेड के प्रबंध निदेशक अनिल कुमार सिंह ने बताया कि रसूलाबाद के जमदग्नि आश्रम में संदरीकरण और जरूरी पर्यटकों के लिए जरूरी व्यवस्था उपलब्ध कराने के लिए बजट जारी हो गया है। 

ये भी पढ़ें- Exclusive News: शहर के ये चार चौराहे...जहां सबसे ज्यादा नियम तोड़ते वाहन सवार, अब यातायात पुलिस का चलेगा हंटर

संबंधित समाचार