Kannauj: धर्म छिपाया...शादी का झांसा देकर किया सामूहिक दुष्कर्म, जान से मारने की धमकी भी दी, पीड़िता ने सांसद से की शिकायत

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कन्नौज में शादी का झांसा देकर किया सामूहिक दुष्कर्म

कन्नौज, अमृत विचार। धर्म छिपा कर युवती को शादी का झांसा देकर सामूहिक बलात्कार किया गया। अब धर्म बदलने का दबाव बना कर शादी करने से इंकार कर रहा। शिकायत करने की बात कहने पर जातिसूचक गाली देकर जान से मार देने की धमकी दी गई। युवती ने मामले की सांसद से शिकायत की है। पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया है। रिपोर्ट दर्ज करने के लिये पीड़िता ने पुलिस को तहरीर दी। 

सदर कोतवाली क्षेत्र के हरदोई रोड के एक गांव की निवासी युवती ने सांसद व कोतवाली पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया कि उसकी मुलाकात चार वर्ष पहले हरदोई जनपद के थाना सुरसा के एक गांव निवासी मुस्लिम युवक से हुई। 

इसके बाद जान पहचान हो गई। उस समय उसने अपना नाम राजू बताया। कहा कि वह हिंदू है। वह शादी के लिये भी तैयार हो गया। दोस्ती के चलते आये दिन मुलाकात होने लगी। उसने शादी का झांसा दे कर उसके साथ बलात्कार किया।

इसके बाद शादी से इंकार करने लगा। कहा कि उसे बिना शादी के ही रखेगा। यदि रहना है तो रहो। कहीं शिकायत की तो उसके अश्लील वीडियो वायरल कर देगा। खौफ के चलते वह मुस्लिम युवक से बच कर सदर कोतवाली क्षेत्र के हरदोई रोड के एक गांव में अपनी सहेली के मकान में किराये पर कमरा लेकर रहने लगी। 

इसकी जानकारी होने पर युवक ने उक्त सहेली का नंबर पता कर उससे बात की। इस दौरान बताया कि वह मुस्लिम है। यदि वह मुस्लिम धर्म स्वीकार कर ले तो वह शादी कर लेगा। इस पर उसने धर्म परिवर्तन व शादी से इंकार किया तो एक नवंबर 2023 को उक्त युवक अपने एक साथी के साथ उसके किराये के मकान में आया।

जहां वह सहेली के साथ रह रही थी। कुछ देर के बाद सहेली के बच्चे की तबीयत खराब हो गई और वह उसे लेकर डाक्टर के पास चली गई। मौका पाकर उक्त मुस्लिम युवक ने साथी के साथ कमरे का दरवाजा बंद कर उससे बारी-बारी बलात्कार किया। 

शिकायत करने पर जाति सूचक गाली देते हुए जान से मारने की धमकी दी। सांसद से शिकायत के बाद हरकत में आई कोतवाली पुलिस ने आरोपी युवक को हिरासत में ले लिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज करने के लिये कोतवाली पुलिस ने तहरीर मांगी है।

ये भी पढ़ें- Exclusive News: शहर के ये चार चौराहे...जहां सबसे ज्यादा नियम तोड़ते वाहन सवार, अब यातायात पुलिस का चलेगा हंटर

संबंधित समाचार