Good news: पेंशन धारकों को तोहफा, आचार संहिता से पहले खाते में आएगी रकम

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बाराबंकी जिले में हैं 1.75 लाख से अधिक लाभार्थी

बाराबंकी, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव आचार संहिता लागू होने से पहले जिले में पंजीकृत वृद्धा, विधवा और दिव्यांग पेंशन के करीब पौने दो लाख लाभार्थियों के खातों में एक दो दिनों में पेंशन की धनराशि पहुंच जाएगी। गरीब बुजुर्गों के खातों में पेंशन की राशि पहुंचाने के लिए जहां समाज कल्याण विभाग ने भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली है। वहीं दूसरी ओर महिला कल्याण और दिव्यांग जनसशक्तीकरण विभाग द्वारा तो पेंशन की धनराशि भेजी भी जा रही है। शासन की मंशा है कि लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पहले पेंशनार्थियों को पेंशन का इंतजार न करना पड़े।

वृद्धा पेंशन में सरकार गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले बुजुर्गों को एक हजार रुपये प्रति माह पेंशन देती है। अब तक तीन तिमाही की राशि खातों में भेजी जा चुकी है। मार्च के दूसरे सप्ताह में आचार संहिता लागू होने की उम्मीद है। ऐसे में चौथी किस्त तीन से चार दिनों में खातों में पहुंच जाएगी। इससे पहले समाज कल्याण विभाग ने बुजुर्गों का डाटा ठीक कर पीएफएमएस के जरिये भुगतान की औपचारिकताएं पूरी कर ली हैं। जैसे-जैसे अन्य पेंशनरों का बैंक खाता आधार से जुड़ने के बाद सत्यापन होगा, वैसे वैसे पेंशन उनके खातों में पहुंचा शुरु हो जाएगी। 

समाज कल्याण विभाग में करीब एक 16 हजार 767 वृद्धावस्था के पेंशनार्थी पंजीकृत हैं। इसी तरह महिला कल्याण विभाग द्वारा पति की मृत्यु के बाद पत्नी को दी जाने वाली विधवा पेंशन के रुप में भी एक हजार रुपये पेंशन देती है। विभाग में पंजीकृत करीब 48 हजार 768 विधवाओं के खातों में इस वित्तीय वर्ष की चौथी और अंतिम किस्त भेजना शुरु भी कर दिया है। बताया जा रहा है कि अाचार संहिता से पूर्व सभी को पेंशन की धनराशि भेज दी जाएगी। इसी प्रकार दिव्यांग जनसशक्तीकरण विभाग में 20 हजार 185 पेंशनार्थी हैं। जिन्हें विभाग के माध्यम से एक हजार रुपये की पेंशन मिलती है। इन पेंशनार्थियों के खातों में भी अंतिम पेंशन किस्त की धनराशि भेजने की शुरुआत हो गई है। सरकार की मंशा के अनुरुप आचार संहिता लगने से पहले जिले में इन तीनों श्रेणियों के करीब एक लाख 75 हजार पेंशनार्थियों को समय से पहले तोहफा मिलेगा। नोडल व जिला समाज कल्याण अधिकारी एसपी सिंह ने बताया कि अंतिम किस्त भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है। विधवा व दिव्यांगो के खातों में पेंशन भेजी भी जा रही है। आचार संहिता लगने से पहले सभी को पेंशन मिल जाएगी।

ये भी पढ़ें -अयोध्या रामोत्सव: उठो सिया श्रृंगार करो, शिव धनुष राम ने तोड़ा है...

संबंधित समाचार