चुनाव ड्यूटी लगने के बाद व्यवधान पर बीएसए होंगे जिम्मेदार : डीएम
लोकसभा सामान्य निर्वाचन के दृष्टिगत डीएम ने प्रभारी अधिकारियों के साथ की बैठक
प्रतापगढ़, अमृत विचार। लोकसभा सामान्य निर्वाचन को लेकर जिलाधिकारी/जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कैम्प कार्यालय के सभागार में प्रभारी अधिकारियों के साथ बैठक की गई। जिसमें एसडीएम एवं तहसीलदार को निर्देशित किया कि पिछले चुनाव में जिन बूथों पर घटनायें घटित थी एवं मतदान में व्यवधान डाला गया था ऐसे व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें सचेत करें। जिससे चुनाव सकुशल सम्पन्न कराया जा सके।
डीएम ने बीएसए को निर्देशित करते हुए कहा कि शिक्षक गलत तरीके से बीमारी का बहाना बनाकर चुनाव ड्यूटी नही करना चाहते है एवं ड्यूटी कटवाने में लगे रहते है इसके लिये बैठक कर यह सुनिश्चित कर लिया जाये कि गम्भीर बीमारी या जटिल समस्या हो तो उसको पहले से ही अवगत करा दें जिससे सम्बन्धित की ड्यूटी न लगे। चुनाव ड्यूटी लगने के बाद कोई व्यवधान उत्पन्न होता है तो उसके लिये बीएसए जिम्मेदार होगें। डीएम ने मतदान कार्मिक, मतगणना कार्मिक, माइक्रो प्रेक्षक, सहायक व्यय प्रेक्षक, सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेट, ईपीडीएस व्यवस्था, शान्ति एवं सुरक्षा व्यवस्था तथा वलनैरैबिलिटी मैपिंग, वाहन/ईधन व्यवस्था, मतपत्र व्यवस्था, मतदान/मतगणना कार्मिकों, माइक्रो प्रेक्षकों, सहायक व्यय प्रेक्षकों, सेक्टर/जोनल मजिस्ट्रेटों आदि का प्रशिक्षण आदि की बिन्दुवार समीक्षा की।
बैठक में एसपी सतपाल अंतिल,सीडीओ नवनीत सेहारा,एडीएम त्रिभुवन विश्वकर्मा,सीआरओ राकेश कुमार गुप्ता,डीडीओ राकेश प्रसाद,पीडी डा.आरसी शर्मा, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी राजेश कुमार सिंह के अलावा एसडीएम, प्रभारी अधिकारी एवं निर्वाचन कार्यालय के अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें -गोंडा: 22 करोड़ के भुगतान को लेकर बीएसए और बीईओ संघ आमने-सामने, जानिए क्या है मामला
