लखीमपुर खीरी: अज्ञात वाहन की टक्कर से ससुर-दामाद की मौत, मचा कोहराम
सिकंदराबाद-कस्ता मार्ग पर गांव उमरपुर क्रेसर के पास मंगलवार रात करीब नौ बजे हुआ हादसा
बेहजम (लखीमपुर खीरी), अमृत विचार। थाना नीमगांव क्षेत्र में उमरपुर क्रेसर के पास अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार ससुर और दामाद की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
हादसा मंगलवार की रात करीब नौ बजे सिकंदराबाद-कस्ता मार्ग पर हुआ। नीमगांव थाना क्षेत्र के भदूरी गांव निवासी रामस्वरूप (60) पुत्र नेतराम घर से अपने दामाद गांव भदूरी के मजरा धूमरा निवासी अनूप कुमार (40) पुत्र रमेश चंद्र के साथ बाइक से गड़रिया चौराहे पर किसी काम से गए थे।
वापस आते समय कस्ता की तरफ से आ रहे किसी बड़े अज्ञात वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही दोनों के घरों में कोहराम मच गया। रोते बिलखते परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।
सूचना पर नीमगांव एसओ श्रद्धा सिंह, बेहजम पुलिस चौकी प्रभारी प्रभात गुप्ता और सिकंदराबाद पुलिस चौकी प्रभारी आशीष सेहरावत फोर्स के साथ पहुंचे। पुलिस ने भीड़ को समझा बुझाकर किनारे हटाया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए है। एसओ ने बताया कि वाहन की तलाश की जा रही है।
ये भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: रामबरन हत्याकांड का खुलासा...प्रेमिका से अवैध संबंधों का था शक, इस लिए गला रेतकर की थी हत्या
