लखीमपुर खीरी: रामबरन हत्याकांड का खुलासा...प्रेमिका से अवैध संबंधों का था शक, इस लिए गला रेतकर की थी हत्या
दो आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त छूरी बरामद
मोहम्मदी/लखीमपुर खीरी,अमृत विचार। कोतवाली मोहम्मदी क्षेत्र में हुए रामबरन यादव हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का दावा है कि रामबरन की हत्या शाहजहांपुर के युवक ने अपने एक साथी के साथ मिलकर अपनी प्रेमिका से अवैध संबंधों के शक में गला रेतकर की थी। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त छूरी भी बरामद की है।
ग्राम मोहम्मदपुर कामी निवासी रामबरन यादव (30) मेडिकल की प्रैक्टिस करता था और मोहम्मदी नगर में एक मैरिज लान में कमरा किराए पर लेकर रहता था। दस फरवरी 24 की की देर शाम वह मोहम्मदी के कबीर अस्पताल से काम निपटाकर बाइक से देर शाम वापस अपने गांव जा रहा था। गांव बौंआ के निकट हत्यारों ने उसकी धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी। उसके नाखून भी निकाल दिए और उसकी दोनों हथेलियां भी छिन्न भिन्न कर दीं थी। अगले दिन सुबह उसका शव गांव बौंआ के पश्चिम पुलिया के पास नीचे खंदक में पड़ा बरामद हुआ था। पुलिस ने मृतक के पिता छोटेलाल यादव की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की थी।
मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक चंद्रशेखर सिंह कर रहे थे। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि अस्पताल पर लगे सीसीटीवी कैमरे से कुछ फुटेज प्राप्त हुईं, जिनके आधार पर पुलिस ने अपनी जांच तेज की। साथ ही सर्वविलांस की मदद से आसपास के मोबाइल के बीटीएस खंगाले गए। सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की जांच में सामने आए तथ्य आपस मे मेल खाने लगे। इस पर पुलिस ने जब जांच आगे बढ़ाई तो हत्याकांड की कड़ी जुड़ती चली गई। उन्होंने मंगलवार को पुवांया बैरियर पान के खोखे के पास से मनोज निवासी गुदनी मजरा थाना पुवायां जिला शाहजहांपुर हाल पता गांव बौआ थाना मोहम्मदी और लौकीखेड़ा मोहम्मदी निवासी पंकज राज को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त छूरी भी बरामद की है। बकौल प्रभारी निरीक्षक, आरोपी मनोज ने पुलिस को बताया कि उसका एक युवती से प्रेस प्रसंग चल रहा था। रामबरन यादव भी उसी युवती से बातचीत करने लगा। इस पर युवती ने मनोज से बात करना भी कम कर दिया था। उसे शक था कि रामबरन ने उसकी प्रेमिका से अवैध संबंध भी बना रखे हैं। इसी वजह से उसने अपने साथी पंकज राज के सहयोग से उसकी गला रेत कर नृशश: तरीके से हत्या कर दी थी। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर खीरी: देर से पहुंचा आदेश...पांचवें दिन घटा किराया, तब मिली राहत
