लखीमपुर खीरी: देर से पहुंचा आदेश...पांचवें दिन घटा किराया, तब मिली राहत
पहली तारीख से घटना था किराया, लेकिन फीडिंग के बाद भी वसूला जा रहा था अधिक किराया
लखीमपुर खीरी, अमृत विचार। कोरोना संक्रमण के बाद से पैसेंजर ट्रेनों में भी वसूले जा रहे मेल किराए को रेल प्रशासन ने पहली मार्च से कम करने का आदेश दिया था। बुकिंग विंडो के कंप्यूटरों में पूर्व की भांति पैसेंजर ट्रेन का किराया फीड भी हो गया था।
अमृत विचार ने पहली मार्च को ही पेज पांच पर रेलवे घटाएगा पैसेंजर ट्रेनों का किराया शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी, लेकिन स्थानीय रेलवे स्टेशन सहित जिले की सभी स्टेशनों पर आदेश न पहुंचने के कारण मेल का ही किराया लिया जा रहा था। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ आशुतोष गुप्ता ने बताया कि सोमवार की रात आदेश आने के बाद मंगलवार से पैसेंजर ट्रेन के लिए सामान्य टिकट की सुविधा बहाल कर दी गई है। इससे यात्रियों को राहत मिली है।
बता दें कि अभी तक यात्रियों को पैसेंजर ट्रेन में सफर करने के लिए एक्सप्रेस का किराया देना पड़ता था। अब मुसाफिरों को न्यूनतम किराये के लिए 30 की जगह 10 रूपये अदा करने होंगे। मंगलवार से इस पर अमल भी होना शुरू हो गया। इससे या यात्रियों को न्यूनतम दस रूपये में सफर करने की सुविधा मिलनी शुरू हो गई है। इससे रोजाना सफर करने वाले करीब दो हजार मुसाफिरों को राहत मिलेगी। सामान्य टिकट की सुविधा बहाल होने से यात्रियों को न्यूनतम टिकट पर कम से कम 20 रुपये की राहत मिलेगी।
लॉकडाउन के बाद बढ़ा था न्यूनतम किराया
लॉकडाउन में करीब तीन माह ट्रेनों का संचालन बंद रहा। हालांकि कुछ दिन बाद रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों को स्पेशल बनाकर संचालन शुरू कर दिया। ऐसे में स्पेशल ट्रेनों का न्यूनतम किराया 30 रुपये कर दिया। तब से लेकर अब तक मुसाफिर स्पेशल बन कर चल रहीं पैसेंजर ट्रेनों में सफर कर एक्सप्रेस का किराया देते आ रहे थे।
कंप्यूटर में फीड होने पर भी वसूला जा रहा था बढ़ा किराया
रेलवे के सिस्टम और टिकट बुकिंग काउंटर पर लगे कंप्यूटर में घटा हुआ किराया कई दिनों से प्रदर्शित हो रहा था। इसके बावाजूद रेलवे यात्रियों से बढ़ा किराया ही वसूल रहा था। जबकि दूसरे मंडल के स्टेशनों पर दो दिन पहले ही यात्रियों से सामान्य टिकट का किराया लिया जाने लगा था।
सोमवार शाम को आदेश मिलने के बाद मंगलवार सुबह से सामान्य टिकट की सुविधा बहाल कर दी गई है। इससे यात्रियों को पैसेंजर ट्रेनों में न्यूनतम किराया दस रुपये अदा करना होगा-आशुतोष गुप्ता, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ।
ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: बीयर केन के साथ गोला अधीक्षक का फोटो वायरल, डिप्टी सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
