लखीमपुर-खीरी: बीयर केन के साथ गोला अधीक्षक का फोटो वायरल, डिप्टी सीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश
लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार: गोला सीएचसी अधीक्षक का बीयर की केन के साथ मंगलवार को फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसे डिप्टी सीएम/स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक को भी ट्वीट कर दिया गया। स्वास्थ्य मंत्री के निर्देश पर सीएमओ ने गोला अधीक्षक को कार्यालय संबंध किया है।
मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक साथ कई फोटो वायरल हुए, जिसमें एक युवक बीयर केन के साथ सड़क पर मौजूद हैं। यह फोटो सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गोला के अधीक्षक डॉ. गणेश कुमार का बताया जाता है। सोशल मीडियो पर वायरल फोटो स्वास्थ्य मंत्री तक को ट्वीट कर दिया गया।
इसका संज्ञान लेकर स्वास्थ्य मंत्री एवं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने सीएमओ को जांच कराकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए, जिस पर सीएमओ ने दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर अधीक्षक को कार्यालय पर संबद्ध कर लिया है। वहीं इस बाबत सीएचसी गोला के अधीक्षक डॉ. गणेश कुमार का कहना है कि यह वीडियो उनका है, जो काफी समय पहले किसी समारोह का है। किसी ने साजिशन इस वीडियो को वायरल किया है।
अधीक्षक को सीएचसी से हटाकर कार्यालय से संबद्ध कर दिया गया है। दो सदस्यीय जांच टीम गठित कर सात दिन में रिपोर्ट देने के लिए कहा है। जांच आख्या मिलने के बाद अधीक्षक पर कठोर कार्रवाई होगी। चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मी द्वारा अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी---डॉ. संतोष गुप्ता, सीएमओ।
यह भी पढ़ें- लखीमपुर खीरी: रोडवेज की अनुबंधित बस ने ई-रिक्शा में मारी टक्कर, मासूम बच्ची समेत 3 की मौत...4 घायल
