Agra: ताज नगरी को मिली मेट्रो की सौगात, PM मोदी ने हरी झंडी दिखाकर किया वर्चुअल लोकार्पण

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। बुधवार की सुबह आगरा को मेट्रो की सौगात मिल गई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोलकाता से हरी झंडी दिखाकर वर्चुअली इसकी शुरुआत की। इस दौरान आगरा में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद रहे। ताजमहल भूमिगत स्टेशन से इसकी शुरुआत हुई। सीएम योगी ने मेट्रो ट्रेन से सात मिनट का सफर भी किया। वे ताजमहल स्टेशन से ताज ईस्ट गेट स्टेशन तक गए।

आगरा मेट्रो में पहले दिन आमंत्रित अतिथियों के साथ ही स्कूली बच्चों ने भी सफर किया। बच्चे खासे उत्साहित दिखे। इससे पहले पुरोहित ने पूजा अनुष्ठान करके मेट्रो पर शुभ का प्रतीक स्वास्तिक चिन्ह बनाया। साथ ही मेट्रो के इंजन का पूजन किया।

WhatsApp Image 2024-03-06 at 12.31.03 PM

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ ही केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्यमंत्री प्रो. एसपी सिंह बघेल, प्रदेश सरकार के मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, बेबी रानी मौर्य, धर्मवीर प्रजापति, सांसद राजकुमार चाहर, राज्यसभा सदस्य नवीन जैन सहित कई जनप्रतिनिधि और उप्र मेट्रो रेल कारपोरेशन के प्रबंध निदेशक सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

होली से पहले मिली आगरा को सौगात- योगी
मेट्रो के उद्घाटन के मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आगरावासियों को होली से पहले मेट्रो ट्रेन की सौगात मिली है। देश में सबसे कम समय में आगरा में मेट्रो स्टेशन तैयार हुए। आगे के प्रोजेक्ट को भी इसी तरह तेजी से कार्य करने के लिए मेट्रो अधिकारियों को निर्देशित किया है।

WhatsApp Image 2024-03-06 at 12.31.04 PM

उन्होंने कहा कि मेट्रो के चलने से शहर की यातायात व्यवस्था और बेहतर होगी। यह शहर शिवाजी महाराज के गौरव से भी जुड़ा है। उन्होंने आगरा शहर के विकास के लिए कहा कि डबल इंजन सरकार के चलते ही आगरा में गंगाजल, एयरपोर्ट, आईटी सेक्टर समेत कई विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं।

आगरा मेट्रो रेल परियोजना के छह किलोमीटर के ट्रैक में तीन भूमिगत स्टेशन का 11 महीने में निर्माण किया गया है। आमजनों के लिए मेट्रो की सुविधा 7 मार्च से शुरू होगी।

आगरा मेट्रो रेल परियोजना एक नजर
मेट्रो परियोजना की कुल लागत 8,379 करोड़ रुपए
मेट्रो के 30 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर होंगे
मेट्रो में कुल 27 स्टेशन बनेंगे, जिसमें 20 एलिवेटेड और 7 भूमिगत होंगे
प्रथम कॉरिडोर 14 किमी ताज ईस्ट गेट से सिकंदरा तक
द्वितीय कॉरिडोर 16 किमी आगरा कैंट स्टेशन से कालिंदी विहार तक

मेट्रो में  973 यात्री कर सकेंगे सफर
बेहतरीन ब्रेक सिस्टम, जिससे बिजली बनेगी
कोच में 25 सीसीटीवी और डिस्प्ले बोर्ड
पब्लिक एड्रेस सिस्टम से लैस
मेट्रो का संचालन पीएसी डिपो में बने कंट्रोल रूम से होगा

मेट्रो स्टेशन में ये है खास
आगरा मेट्रो स्टेशन में स्थानीय शिल्प कला को स्थान दिया गया है। स्टेशन परिसर में आसपास के महत्वपूर्ण स्थानों और क्षेत्रों के नाम अंकित हैं। सेल्फी प्वाइंट भी बनाए गए हैं। एक स्टेशन पर 28 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। सभी स्टेशनों की सुरक्षा का जिम्मा उत्तर प्रदेश स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स (यूपी एसएसएफ) के पास है। यूपी एसएसएफ के करीब 150 जवानों की तैनाती की गई है। 

7 मार्च से जनता के लिए सेवा शुरू
यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन (यूपीएमआरसी) के उप महाप्रबंधक जनसंपर्क पंचानन मिश्र ने बताया कि आगरा मेट्रो के प्रथम कॉरिडोर में कुल 14 स्टेशन हैं। जिनमें से प्रायोरिटी कॉरिडोर के 6 स्टेशनों का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इसमें ताज पूर्वी गेट, कैप्टन शुभम गुप्ता, फतेहाबाद रोड मेट्रो स्टेशन एलिवेटेड है और ताजमहल, आगरा किला और मन: कामेश्वर मेट्रो स्टेशन भूमिगत हैं। 

अभी इन 6 मेट्रो स्टेशन के बीच में ही ट्रेन का संचालन किया जाएगा। आगरा मेट्रो की सेवा आम जनता के लिए 7 मार्च से शुरू होगी। यात्रियों को 10 रुपए से 30 रुपए तक किराया देना होगा। मेट्रो का संचालन सुबह 6 बजे से रात 10 बजे तक होगा। मेट्रो ट्रेन के छह किलोमीटर के ट्रैक में तीन भूमिगत स्टेशन का 11 महीने में निर्माण किया गया है। आमजनों के लिए मेट्रो की सुविधा 7 मार्च से शुरू होगी।

ये भी पढे़ं- आगरा: डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 89वां दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल ने मेधावियों को दिए डिग्री-मेडल

 

संबंधित समाचार