आगरा: डॉ भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय का 89वां दीक्षांत समारोह संपन्न, राज्यपाल ने मेधावियों को दिए डिग्री-मेडल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

आगरा, अमृत विचार। प्रदेश की राज्यपाल और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय की कुलाधिपति आनंदी बेन पटेल ने मंगलवार को यहां विश्वविद्यालय के 89वें दीक्षांत समारोह में शिक्षा व्यवस्था से जुड़े लोगों, छात्रों और राजनेताओं को जमकर आईना दिखाया।

राज्यपाल ने कहा कि आज तक मैंने 32 विश्वविद्यालयों में दीक्षांत किया, इस साल यह मेरा अंतिम दीक्षांत समारोह है। अब मेरी आपसे प्रार्थना है कि अगले साल को यह दीक्षांत समारोह पहला होना चाहिए। सब कुछ रेग्युलर होना चाहिए। अगले साल जुलाई से दीक्षांत का प्रारंभ हो जाएगा। तैयारी करें, आगे बढ़े। पीछे रहने से छात्रों को कितना नुकसान हो रहा है।

कालेज के शिक्षक भी होंगे, क्या ऐसा होता है कि आपसे गलती हो जाती है। अगर गलती अनपढ़ लोगों से होती तो समझ आती। आप तो पढ़े लिखे हैं। परिणाम आने के बाद छह माह बाद तक प्लेसमेंट होगा। तब तक प्लेसमेंट के लिए जगह नहीं बची।

विश्वविद्यालय को टॉप पर लाने का संकल्प लें 
राज्यपाल ने कहा कि इस विश्वविद्यालय को टॉप पर लाने का संकल्प लेना चाहिए। मैंने वीसी को कहा है कि 15 मार्च के बाद कोई भी तारीख दे दूंगी, आपको सारी तैयारी करने के बाद राजभवन आना है। आपको ए प्लस चाहिए तो तैयारी करके आइए। देशहित और छात्र हित के लिए काम करना चाहिए। 

राजनीतिक दलों को नसीहत 
राज्यपाल ने नसीहत देते हुए कहा कि कोई राजनीतिक दल विश्वविद्यालय परिसर में न आएं, जब विवि कड़क निर्णय ले। कल मथुरा दीक्षांत में दो विधायक आए। उन्हें पता ही नहीं था विधायक का प्रवचन होता है या नहीं। वीसी के साथ लड़ाई कर दी। हमारा भाषण नहीं था। अब ऐसी स्थिति होती है तो क्या करें। समझना होगा।

छात्र लेक्चर न होने पर झगड़ा करें
आनंदी बेन पटेल ने कहा कि छात्रों को झगड़ा करना है तो लेक्चर न होने पर करें। डिग्री डिजी लॉकर में दे दी गई हैं। अंक तालिका भी इसमें है। कोई डिग्री कॉलेज में नहीं जाएंगी। वो डाउनलोड करें या छात्रों को समझाएं कि डाउनलोड कर लें। विवि में न आएं। अब सब कुछ ऑनलाइन है।

120 मेधावियों को मेडल प्रदान किए
दीक्षांत समारोह में कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने 120 मेधावियों को मेडल प्रदान किए। सबसे ज्यादा 10 मेडल एसएन मेडिकल कॉलेज की एमबीबीएस 2018 बैच की डॉ. प्राची गुप्ता को मिले।

डॉ. बीआरए यूनिवर्सिटी आगरा के दीक्षांत समारोह में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने मेधावी विद्यार्थियों को पदक और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। समारोह में एसएन मेडिकल कॉलेज की गोल्डन गर्ल प्राची गुप्ता ने सबसे अधिक 10 स्वर्ण पदक अर्जित किए हैं। वहीं, नारायण कॉलेज, शिकोहाबाद की एमए हिंदी की छात्रा निवेदिता सिंह को 5, सेंट जोंस कॉलेज की एमए अर्थशास्त्र की छात्रा श्रुति माहेश्वरी और विवि के पालीवाल पार्क परिसर स्थित समाज विज्ञान संस्थान के एमएसडब्ल्यू के छात्र श्रेष्ठ वर्धन शुक्ला ने 4-4 पदक प्राप्त किए हैं। 

छात्राओं के हिस्से में आए 75.84 फीसदी पदक 
दीक्षांत समारोह में 75.84 फीसदी पदक छात्राओं को ही दिए गए हैं। 24.16 फीसदी पदक ही छात्रों के हाथ लगे। 120 में से 91 पदक छात्राओं और 29 छात्रों को दिए गए। कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने कुल 77 विद्यार्थियों को 120 मेडल प्रदान किए। इसमें 51.67 फीसदी यानी 62 मेडल सिर्फ 19 विद्यार्थियों को ही मिले। बाकी 58 विद्यार्थियों को एक-एक मेडल दिए गए।

यह भी पढ़ें- आगरा मेट्रो का कल प्रधानमंत्री करेंगे वर्चुअल उद्घाटन, CM योगी भी रहेंगे मौजूद

संबंधित समाचार