बरेली: महाशिवरात्रि को लेकर DM-SSP ने की बैठक, बोले- शोभायात्रा में शस्त्र का न करें प्रदर्शन, आहत करने वाले गाने भी न बजाएं
शोभा यात्रा वाले मार्गों पर मीट और शराब के बिक्री पर रहेगी रोक, सड़क के एक किनारे से निकालें यात्रा
बरेली, अमृत विचार। महाशिवरात्रि पर शोभायात्रा में शस्त्रों के प्रदर्शन पर रोक रहेगी। इसके अलावा आहत करने वाले गाने भी डीजे पर नहीं बजाए जाएंगे। यातायात बाधित न हो, इसके लिए यात्रा को सड़क के एक किनारे से ही निकाला जाएगा। ये निर्देश बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी रविंद्र कुमार ने पीस कमेटी के सदस्यों के साथ बैठक में कही।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन पर्व को शांति और सौहार्दपूर्ण तरीके से संपन्न कराएगा। माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। शुक्रवार को जुमा है और शिवरात्रि पर शोभायात्रा भी निकलेंगी। इसलिए समन्वय बनाकर अलग-अलग समय में कराएं।
उन्होंने कहा कि उन जगहों पर ज्यादा सतर्कता और चौकसी बरतें, जहां पर मस्जिद के पास से शोभायात्रा निकलती हैं। उन्होंने महाशिवरात्रि के दिन शोभायात्रा के मार्गाें पर मांस-मदिरा की दुकानें बंद रखने के आदेश दिए।
सेतु निगम के अफसरों से कहा कि कुतुबखाना पुल पर स्थान चिह्नित कर वहां पर काम बंद रखें। एसएसपी घुले सुशील चंद्रभान ने पूछा कि शोभायात्रा के रूटों के लेकर समस्या हो तो अभी बता दें और आयोजक अपनी जिम्मेदारी को समझें। पीस कमेटी और सिविल डिफेंस के लोगों को प्रमुख चौराहों पर तैनात करने के लिए कहा। कोई नई परंपरा न डालें।
उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर कोई गलत बयानबाजी करता है तो लोग सड़कों पर आने के बजाय पुलिस में शिकायत करें। चौकी इंचार्जों से कहा कि आयोजकों से बात करके डीजे की लंबाई, चौड़ाई मानक के अनुरूप रखने के लिए कहें। नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स, एडीएम प्रशासन दिनेश, एडीएम सिटी सौरभ दुबे, सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राजीव कुमार शुक्ला, एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्र, एसपी ट्रैफिक शिवराज सिंह, एसीएम मौजूद रहे।
ये भी पढे़ं-
