उन्नाव: पालिकाध्यक्ष पति से फोन पर मांगी एक लाख की रंगदारी, जान से मारने की दी धमकी, गंभीर धाराओं में FIR दर्ज
उन्नाव। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के डॉकतार कॉलोनी निवासी पालिकाध्यक्ष के पति के फोन पर एक शख्स ने फोन कर एक लाख रुपये की रंगदारी मांगी है। पालिकाध्यक्ष के पति ने जब उस युवक की जानकारी मांगने का प्रयास किया तो उसने जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ रंगदारी समेत अन्य गंभीर धाराओं में एफआईआर दर्ज की है।
बता दें डॉकतार कॉलोनी निवासी पूर्व नौ सैनिक, पूर्व रणजी खिलाड़ी, संदेश फाउंडेशन के अध्यक्ष व नगर पालिका गंगाघाट की चेयरमैन कौमुदी पांडे के पति संदीप पांडे ने गंगाघाट कोतवाली पुलिस को तहरीर देते हुये बताया कि बुधवार दोपहर उनके मोबाइल पर एक अज्ञात नंबर से फोन आया। जहां फोन करने वाले शख्स ने एक लाख रुपये तुरंत ट्रांसफमर करने को कहा। आरोप है कि जब उन्होंने फोन करने वाले से उसकी जानकारी मांगी तो उसने कहा कि वह सोशल साइट पर बदनाम कर देगा। जिसके बाद उसने जान से मारने की धमकी दी।
उन्होने बताया कि इससे पहले उनके साथी सौरभ के मोबाइल पर भी अज्ञात नंबर से फोन आया था। जहां उससे भी रुपये न देने पर जान से मारने की धमकी दी गयी थी। इंस्पेक्टर रामफल प्रजापति ने संदीप पांडे की तहरीर पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ रंगदारी समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर व्यक्ति को तलाश शुरू कर दी है।
यह भी पढे़ं: लखनऊ: 9 हजार से अधिक कुशल श्रमिक जाएंगे इजरायल, दूसरे चरण में 4121 का हुआ चयन, विदेशी टीम ने लिया स्किल टेस्ट
