लखीमपुर-खीरी: प्रेमी के साथ भागी किशोरी, रास्ते से लौटी बारात

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बेहजम/लखीमपुर-खीरी, अमृत विचार। क्षेत्र के गांव में छह मार्च को बारात आनी थी, लेकिन उससे पहले ही लड़की अपने प्रेमी के साथ भाग निकली। उधर, वर पक्ष के लोगों को इसकी जानकारी तब लगी, जब वह बारात लेकर गांव पहुंच रहे थे। जानकारी लगते ही रास्ते से बारात लौट गई। उधर लड़की की मां की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी प्रेमी समेत चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।

थाना नीमगांव क्षेत्र में छह मार्च को बारात आनी थी। बताते हैं कि सात महीने पहले भी 15 वर्षीय किशोरी को गांव का ही एक युवक सात महीने पहले बहला फुसलाकर भगा ले गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी और हफ्ते भर बाद किशोरी को बरामद कर आरोपी को भी हिरासत में ले लिया था। 

किशोरी की मां ने बताया कि बाद में उन्होंने आरोपी पक्ष से आपस में सुलह समझौता कर लिया था और पुत्री को घर ले आई थी। परिवार वालों ने आदत में सुधार न होने पर उन्होंने किशोरी का रिश्ता सीतापुर जिले से तय किया। पांच मार्च को तिलक था और छह मार्च को बारात आनी थी। शादी की तैयारियां भी अंतिम चरण में थी। शाम करीब सात बजे परिवार के लोग तिलक चढ़ाने सीतापुर गए थे। 

इसी बीच मौका पाकर किशोरी को आरोपी गांव का ही सत्यम, प्रमोद, शंकर और सतीश निवासी रसूलपुर थाना मितौली बहला फुसलाकर दोबारा भगा ले गए। सुबह जब किशोरी घर पर नहीं मिली तो परिवार वालों के होश उड़ गए। परिजनों ने घर और आसपास किशोरी की खोजबीन की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। 

आशंका होने पर जब घर में देखा तो शादी के लिए खरीदकर रखा गया सारा जेवर और 50 हजार रूपये गायब थे। यह देख परिवार वालों के होश उड़ गए। परिजन थाना नीमगांव पहुंचे और पूरी घटना बताते हुए चारों आरोपियों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। इस पर वह सीओ से मिले और रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की। सीओ के आदेश पर नीमगांव पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर किशोरी की तलाश शुरू कर दी है।

किशोरी की मां की तहरीर के आधार पर चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। किशोरी को बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं।-श्रद्धा सिंह, एसओ- नीमगांव

ये भी पढे़ं- लखीमपुर-खीरी: ओवरटेक करते समय आपस में टकराए 3 वाहन, 1 की मौत...कई घायल 

 

 

संबंधित समाचार