लखीमपुर-खीरी: ओवरटेक करते समय आपस में टकराए 3 वाहन, 1 की मौत...कई घायल 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखीमपुर-खीरी/बेहजम, अमृत विचार: थाना नीमगांव क्षेत्र में गांव विलोचापुर के पास पशुओं से भरी डीसीएम को ओवरटेक करते समय इनोवा के सामने टैंकर आ गया। इससे तीनों वाहन आपस में टकरा गए। हादसे में कार सवार 15 वर्षीय किशोर की मौत हो गई, जबकि कार और डीसीएम चालक, हेल्पर समेत करीब छह लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर कार, डीसीएम के चालक व हेल्पर को स्थानीय अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है।

हादसा बुधवार की शाम करीब पांच बजे लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग पर थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव विलोचापुर के पास हुआ। नीमगांव के गांव अमेठी निवासी मुन्ना अपने परिवार के साथ इनोवा से किसी काम से लखीमपुर गए थे। वह वापस घर आ रहे थे। कार गांव गोपालपुर निवासी अयूब चला रहा था। गांव विलोचापुर के पास इनोवा के चालक ने आगे चल रही पशुओं से भरी डीसीएम को ओवरटेक करने की कोशिश की, इसी बीच सामने से आ रहे टैंकर ने पहले डीसीएम में जोरदार टक्कर मार दी। 

उसके बाद डीसीएम, टैंकर और इनोवा कार आपस में भिड़ गए। हादसे के बाद चीख पुकार मच गई। लोग घटना स्थल की तरफ दौड़ पड़े। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को अस्पताल भेजा, जहां कार में सवार 15 वर्षीय यूसुफ (15) पुत्र मुन्ना की मौत हो गई। जबकि कार चालक अयूब,  डीसीएम का चालक व परिचालक की हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने लखनऊ रेफर कर दिया। 

अन्य घायलों को मामूली चोट लगने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी। वहीं हादसे में डीसीएम में लदी तीन भैंसों की भी मौके पर ही मौत हो गई। डीसीएम चालक और परिचालक के बेहोशी की हालत में होने के कारण नाम-पते की जानकारी नहीं हो सकी है।  मौके पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।

एक घंटे जाम रहा लखीमपुर-मोहम्मदी मार्ग
बेहजम, अमृत विचार: गांव विलोचापुर के पास हुए भीषण हादसे के बाद मार्ग पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी जाम लग गई। मौके पर पहुंची एसओ नीमगांव श्रद्धा सिंह ने पुलिस बल के सहयोग से सड़क से भीड़ हटाई। भीड़ को हटाने के बाद तीनों वाहनों को सड़क के किनारे किया। तब जाकर कहीं एक घंटे बाद आवागमन शुरू हो सका।

हादसा ओवरटेक करते समय हुआ है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी---श्रद्धा सिंह, एसओ, थाना नीमगांव।

यह भी पढ़ें- लखीमपुर-खीरी को मिली सीएम की सौगात, आयुष विभाग की चार विकास परियोजनाओं का किया लोकार्पण

संबंधित समाचार