आगरा: 5198 करोड़ की 124 विकास परियोजनाओं का हुआ शुभारंभ, जेपी नड्डा और मुख्यमंत्री योगी ने विपक्ष पर साधा निशाना
यूपी की 80 में से 80 सीटों पर खिलेगा कमल :जेपी नड्डा
आगरा, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन का शुभारंभ अंबेडकर नगर कोठी मीना बाजार में हुआ। जहां भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और यूपी के मुख्यमंत्री योगी के अलावा कई अन्य दिग्गजों ने सहभागिता निभाई। स्पष्ट किया कि भाजपा हर वर्ग की हितैषी है किसी भी वर्ग को अनदेखा नहीं किया जा रहा है। अनुसूचित जाति को ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रसाद नड्डा और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संविधान शिल्पी भारत रत्न डॉ भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर महासम्मेलन का विधिवत शुभारंभ किया। अतिथि देवो भव की परंपरा का निर्वहन करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का स्वागत अंग वस्त्र पहनाकर और स्मृति चिन्ह के रूप में डॉ भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा भेंट कर किया गया।
अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा छत्रपति शिवाजी के शौर्य पराक्रम से जुड़े शहर आगरा में महासम्मेलन में आए सभी अतिथियों का स्वागत करता हूं। उन्होंने कहा पिछले 10 वर्षों में एक नए भारत का दर्शन देखने को मिल रहा है जिसमें जाति मजहब, भाषा के आधार पर नहीं समाज की मुख्य धारा से जोड़कर सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास धर्म को निभाया जा रहा है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा सर्वजन हिताय है सर्वजन सुखाय का मंत्र भारतीय जनता पार्टी का मूल मंत्र है। आजादी के बाद भी हमारा समाज दबा था। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान शिल्पी डॉक्टर भीमराव अंबेडकर के नाम पर पंच तीर्थ विकसित कर भीमराव अंबेडकर के सम्मान के साथ संविधान के सम्मान देश के दलित गरीब और अनुसूचित वर्ग के लोगों को सम्मान देने का काम किया है।
उन्होंने कहा 500 वर्षों का इंतजार खत्म हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अयोध्या में महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा की शुरुआत कर दलित महापुरुषों को सम्मान देने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा काशी में संत रविदास की जन्मस्थली पर 25 फीट ऊंची प्रतिमा म्यूजियम अन्न क्षेत्र और इस क्षेत्र को जोड़ने वाली फोर लाइन की कनेक्टिविटी शुरू की गई है। देश के सामाजिक न्याय के पुरोधाओं को सम्मान, मकान, शौचालय ,स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं देने का काम किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा दलित और अनुसूचित वर्ग के लोगों ने देश धर्म के लिए बलिदान किया है। आगरा में मेट्रो की शुरुआत हो चुकी है। इस मौके पर उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा दलित समाज के उत्थान के लिए चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजना का भी जिक्र किया। अपने संबोधन को समाप्त करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अनुसूचित मोर्चा के महासम्मेलन में आए सभी लोगों से ब्रजभूमि के दर्शन करने की बात कही ।
कांग्रेस ने दलित और अनुसूचित वर्ग के वोट को सम्मान नहीं दिया
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन में आए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा मेरा सौभाग्य है मैं इतने बड़े सम्मेलन में भाग लेने आया हूं। लंबे समय तक देश की राजनीति में बहुत कुछ देखने को मिला है। कांग्रेस ने दलित और अनुसूचित समाज के लोगों को मानवता इंसानियत से नहीं देखा जब देखा वोट बैंक समझा वोट का उपक्रम समझा समाज के इस वर्ग को समाज से अलग करके वोट बैंक बना कर रखा।
उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी वैचारिक पार्टी है हमारी एकात्म मानववाद की दृष्टि से समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति के विकास का सिद्धांत है। जेपी नड्डा ने कहा भाजपा ने अंत्योदय चलाया जब अंत का उदय होगा भारत का उदय होगा समाज आगे बढ़ेगा। कांग्रेस ने देश को खंडित और भाजपा ने समाहित करके चलने वाली नीति अपनाई।
राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कांग्रेस को कभी पंच तीर्थ की याद नहीं आई। कांग्रेस ने डॉक्टर भीमराव अंबेडकर का हमेशा अपमान किया उनके बनाए संविधान की अपेक्षा की गई। जेपी नड्डा ने कहा इतिहास में दर्ज है। संसद के अंदर तस्वीर लगाने के लिए कांग्रेस के पास जगह नहीं थी। जनता दल की सरकार में यह काम पूरा हुआ। कांग्रेस ने बाबा साहब को कभी भारत रत्न नहीं दिया। जनता दल की सरकार में यह काम भारतीय जनता पार्टी की समर्थन वाली सरकार में पूरा हुआ।
कांग्रेस दलितों को गुमराह करती रही । दलित अनुसूचित वर्ग और गरीबों की चिंता मोदी ने की। उन्होंने कहा आज केंद्र की सरकार में 12 दलित मंत्री हैं। अटल बिहारी वाजपेई की सरकार में पहली बार लोकसभा अध्यक्ष की सीट पर दलित समाज का आदमी बैठा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच से पिछले कार्यकाल में अनुसूचित समाज के व्यक्ति को राष्ट्रपति बनाया गया और इस बार आदिवासी महिला को देश के प्रथम नागरिक की जिम्मेदारी दीगई।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा मोदी ने दलित और अनुसूचित समाज के लोगों की चिंता की है दलितों की तस्वीर तकदीर बदलने में विश्वास भारतीय जनता पार्टी करती है। उन्होंने कहा सामाजिक न्याय मंत्रालय का बजट दुगना किया गया है। दलित समाज के बच्चों के उत्थान के लिए वजीफा और स्कॉलरशिप को बढ़ाया गया है। बाबू जगजीवन राम छात्रावास में 16 हजार अनुसूचित समाज के बच्चों को शिक्षा दी जा रही है।
परिवारवाद पर बोला हमला
इंडिया गठबंधन और विपक्षी पार्टियों को गरीब अनुसूचित जाति से कोई लेना-देना नहीं ये सभी पार्टियों अपने परिवार को बचाने में लगीं हुईं हैं। भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने जम्मू कश्मीर के फारूक अब्दुल्ला अमर अब्दुल्ला, पंजाब के प्रकाश सिंह बादल सुखबीर सिंह बादल, हरियाणा के चोटाला परिवार, अखिलेश डिंपल, राहुल सोनिया, शिवसेना और दक्षिण की विपक्षी पार्टियों पर परिवारवाद हावी होने की बात कही। जेपी नड्डा ने कहा विपक्ष के आधे लोग या तो जेल में है या फिर बेल पर हैं।
डॉ आंबेडकर के बाद दलित मोदी को मानते हैं संरक्षक: लाल सिंह आर्य
भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष लाल सिंह आर्य ने कहा डॉ भीमराव अंबेडकर के बाद दलित और अनुसूचित समाज के लोग प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपना संरक्षक मानते हैं। पिछले 60 वर्षों तक कांग्रेस की सरकार रही कांग्रेस सरकार में कभी भी ना तो अनुसूचित समाज के लोगों को मान सम्मान देने का काम किया गया और ना ही दलित अनुसूचित समाज के महापुरुषों को उचित सम्मान मिला।
मेट्रो स्टेशन का नाम हुआ डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेशन
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन में आए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा अभी आगरा में मेट्रो की शुरुआत हुई है। आगरा के लोग डॉ भीमराव अंबेडकर के नाम पर मेट्रो स्टेशन की मांग कर रहे थे अब आगरा फोर्ट मेट्रो स्टेशन का नाम डॉ भीमराव अंबेडकर स्टेशन होगा। घोषणा होते ही सामने बैठी भीड़ ने तालियां बजाकर जय जय श्री राम का उद्घोष कर स्वागत किया।
5198 करोड़ की 124 विकास योजनाओं का हुआ शुभारंभ
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने संयुक्त रूप से बटन दबाकर कोठी मीना बाजार मैदान से 5198 करोड़ की 124 विकास योजनाओं का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री ने कहा आगरा में विकास जारी है छत्रपति म्यूजियम का कार्य चल रहा है।
इनकी रही मंच मौजूदगी
भाजपा अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय महासम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा , उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ , राष्ट्रीय अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा लाल सिंह आर्य , राष्ट्रीय महामंत्री एवं अनुसूचित मोर्चा के राष्ट्रीय प्रभारी तरुण चुघ , राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री वी सतीश , राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश लोकसभा चुनाव प्रभारी वैजयंत पांडा , मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा , राजस्थान के डिप्टी सीएम डॉ. प्रेम सिंह बेरवा, केंद्रीय राज्य मंत्री प्रोफेसर एसपी सिंह बघेल , कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य , कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य, राष्ट्रीय महामंत्री अनुसूचित मोर्चा संजय निर्मलकर , प्रदेश उपाध्यक्ष एवं ब्रज क्षेत्र प्रभारी संतोष सिंह , प्रदेश उपाध्यक्ष दिनेश शर्मा , संचालन राष्ट्रीय महामंत्री सांसद भोला सिंह , कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री, प्रदेश महामंत्री एवं अनुसूचित मोर्चा की प्रदेश प्रभारी प्रियंका रावत, प्रदेश अध्यक्ष अनुसूचित मोर्चा रामचंद्र कनौजिया, उत्तर उत्तर प्रदेश राज्य मंत्री असीम अरुण, विधायक विजय शिवहरे , विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, विधायक जीएस धर्मेश ,विधायक धर्मपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदोरिया, विधायक पूरन प्रकाश , प्रदेश मंत्री एवं विधायक अनूप प्रधान, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, क्षेत्रीय महामंत्री राकेश मिश्रा, , महापौर हेमलता दिवाकर , विधायक अंजुला माहौर, विधायक धर्मपाल स,महानगर अध्यक्ष भानु महाजन जिला अध्यक्ष गिर्राज कुशवाहा सहित पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें- आगरा: एचटी लाइन की चपेट में आया लोडर में लदा बैंड, करंट लगने से तीन मौत...एक गंभीर
