बरेली: हवालात की सरिया काटकर फरार गैंगस्टर सचिन गिरफ्तार, हिस्ट्रीशीटर अंकित की तलाश जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार: जनपद न्यायालय की सदर हवालात की सरिया काटकर 15 दिन पहले फरार हुए 20 हजार के इनामी गैंगस्टर सचिन सैनी को पुलिस ने शुक्रवार को चौपुला पुल के पास से गिरफ्तार कर लिया। वह यहां किसी दोस्त से पैसे लेने पहुंचा था। उसके साथ फरार हुए हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव का अभी सुराग नहीं लग पाया है।

बिहारीपुर ढाल निवासी हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव और सीबीगंज के पस्तौर निवासी गैंगस्टर सचिन सैनी 23 फरवरी को पेशी के दौरान सदर हवालात की सरिया काटकर फरार हो गए थे। काफी तलाश के बाद भी दोनों का कुछ पता नहीं लगा तो एसएसपी ने दोनों पर 20-20 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया था।

पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को सूचना मिली कि सचिन सैनी चौपुला पुल के पास अपने किसी दोस्त से पैसे लेने आ रहा है। पुलिस ने यहां घेराबंदी करके उसे दबोच लिया। उसने पुलिस को बताया कि फरारी के बाद वह अंकित यादव के साथ अलग-अलग जिलों में घूमता रहा था। कुछ दिन पहले उसके पास पैसे खत्म हो गए तो एक दोस्त से पैसे लेने बरेली लौटा था।

पुलिस को बताया कि उसकी अंकित से जेल में ही दोस्ती हुई थी। अंकित की पत्नी और दोस्त ने उन्हें सरिया काटने के लिए ब्लेड लाकर दिया। सचिन ने बताया कि 13 फरवरी को भी दोनों पेशी पर आए थे। उसी दिन सरिया को आधा काटकर उन्होंने छोड़ दिया था। 23 फरवरी को दोबारा पेशी पर आए तो बाकी बची भी सरिया काटी और फरार हो गए।

दोनों फरार होकर कुछ समय संजयनगर में रहे। उसके बाद कुछ दिन किला क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों और सिटी स्टेशन के पास के रहने वाले अपने दोस्तों के पास रहे। इसके बाद अंकित उससे अलग हो गया। अंकित अब मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है, इसलिए उससे उसका कोई संपर्क भी नहीं हो पा रहा है।

हवालात की सरिया काटकर फरार होने वाले 20 हजार के इनामी सचिन सैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है। उससे पुलिस पूछताछ कर साक्ष्य इकट्ठे कर रही है। उसके साथ फरार हुए हिस्ट्रीशीटर अंकित यादव को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा--- घुले सुशील चंद्रभान, एसएसपी।

यह भी पढ़ें- Bareilly News: सद्दाम के गुर्गे लल्ला गद्दी के रिश्तेदारों ने डॉक्टर से की मारपीट, 3 लोगों पर FIR

संबंधित समाचार