मुरादाबाद: आजम खां और उनके बेटे की जमानत अर्जी पर सुनवाई टली
मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट कांड में फंसे सपा के कद्दावर नेता और रामपुर के सांसद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जमानत अर्जी पर बुधवार को भी सुनवाई टल गई। महिला अधिवक्ता के निधन के कारण सभी न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस मामले में अब 13 अक्टूबर को सुनवाई की जाएगी। बता …
मुरादाबाद, अमृत विचार। छजलैट कांड में फंसे सपा के कद्दावर नेता और रामपुर के सांसद आजम खां व उनके बेटे अब्दुल्ला आजम की जमानत अर्जी पर बुधवार को भी सुनवाई टल गई। महिला अधिवक्ता के निधन के कारण सभी न्यायिक कार्य से विरत रहे। इस मामले में अब 13 अक्टूबर को सुनवाई की जाएगी।
बता दें कि रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आजम खां और उनके बेटे अब्दुल्ला आजम ने हाईकोर्ट से जमानत ले ली थी लेकिन, मामला स्थानीय कोर्ट में ट्रांसफर होने के बाद एक दफा ही वह कोर्ट में पेश हुए हैं। दोनों की जमानत अर्जी पर बुधवार को सुनवाई होनी थी।
मामला जनवरी वर्ष 2008 का है। सपा के कद्दावर नेता आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ कार से बिजनौर की ओर जा रहे थे। छजलैट थाने के सामने पुलिस वाहनों की चेकिंग कर रही थी। कार के शीशे पर काली फिल्म होने के कारण पुलिस कर्मियों ने जब उनको रोका तो विवाद हो गया। बहस होने पर आजम खां छजलैट थाने के सामने ही धरने पर बैठ गए। इसकी सूचना मिलते ही मंडल भर के तमाम सपा के पदाधिकारी भी मौके पर आ गए। कई घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस ने किसी तरह से मामला शांत कराया। इस मामले में छजलैट थाने में आजम खां व उनके बेटे समेत तमाम सपाइयों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई थी।
