बरेली: कोर्ट के आदेश पर दोबारा हुई मतगणना, तीन मतों से प्रत्याशी की जीत
वर्तमान प्रधान पति ने मतगणना में बेईमानी का लगाया आरोप
आंवला, अमृत विचार। तीन वर्ष पहले हुए पंचायत चुनाव में एक महिला प्रत्याशी 2 मतों से हार गई थी, उसने पुनर्मतगणना के लिए कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुनः मतगणना में उसे वर्तमान प्रधान से तीन मत अधिक मिले हैं। अधिकारियों ने रिपोर्ट बनाकर अदालत को भेजने की बात कही है। जीत मिलने समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
ब्लॉक रामनगर की ग्राम पंचायत गुलेली में पंचायत चुनाव 15 अप्रैल 2021 को हुआ था। 2 मई 2021 को मतगणना हुई थी, जिसमें पांच महिला प्रत्याशी होने के चलते आशा देवी को 649 और राजकुमारी को 647 मत मिले थे।
राजकुमारी के पति रामबहादुर बताया कि उन्होंने पुनः मतगणना के लिए मतगणना अधिकारियों से अनुरोध किया था, परंतु नहीं कराई। अधिवक्ता अवनीश तिवारी एडवोकेट ने बताया कि उसके बाद उन्होंने धारा 12 ग के तहत प्रथम याचना अधिकारी के यहां पुनर्मतगणना के लिए पीटीशन डाली थी। वह बीते छह माह में दो बार हाईकोर्ट गए और 90-90 दिन की मोहलत लेकर आए। 2 मार्च को अदालत ने पुनर्मतगणना 9 मार्च को कराने के लिए तय किया था। शनिवार को ब्लॉक सभागार में पुनर्मतगणना कराई गई। जिसमें राजकुमारी को 644, आशा देवी 641, रश्मि देवी 7 वीरा देवी 225, नीरज शर्मा को 51 मत मिले।
राजकुमारी ने बताया कि तीन साल की कोर्ट में लड़ाई लड़ने के बाद उन्हें जीत मिली है। वहीं वर्तमान ग्राम प्रधान आशा देवी के पति राजू सिंह उर्फ सत्यपाल सिंह ने बताया कि मतगणना में उनके साथ बेईमानी की गई है। उनके वैध मतों को भी कैंसिल कर दिया गया। इसलिए यह नतीजा विपरीत हुआ है। एसडीएम आंवला गोविंद मौर्य ने बताया कि कोर्ट के आदेश पर पुनर्मतगणना कराई गई है। जिसमें वर्तमान प्रधान हारी हुई प्रत्याशी राजकुमारी को तीन मत अधिक मिलना पाया गया है उक्त रिपोर्ट कोर्ट को भेजी जाएगी। उसके बाद जो भी कोर्ट का निर्णय होगा उसका पालन कराया जाएगा।
मतगणना के परिणाम
राजकुमारी-644
आशा देवी-641
वीरा देवी-225
नीरज शर्मा-51
रश्मि देवी-7
ये भी पढ़ें- बरेली: कुट्टू के आटे की पूड़ियां खाने से हालत बिगड़ी तो टूटी FSDA की नींद, सैंपल जांच के लिए भेजा
