10 हजार के करीब पहुंचे संक्रमित, टॉप टेन में मुरादाबाद
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित प्रदेश के दस जिलों में मुरादाबाद शामिल किया गया है। इस जिले में संक्रमितों के जो आंकड़े दर्ज किए गए हैं, उसके आधार पर उसे दसवां स्थान मिला है। इस जिले में कोरोना की चपेट में आए लोगों की संख्या भी अब दस हजार के करीब पहुंच …
मुरादाबाद,अमृत विचार। कोरोना संक्रमण से सबसे ज्यादा प्रभावित प्रदेश के दस जिलों में मुरादाबाद शामिल किया गया है। इस जिले में संक्रमितों के जो आंकड़े दर्ज किए गए हैं, उसके आधार पर उसे दसवां स्थान मिला है। इस जिले में कोरोना की चपेट में आए लोगों की संख्या भी अब दस हजार के करीब पहुंच चुकी है।
मुरादाबाद जिले में कोरोना का सबसे पहला केस मार्च के तीसरे सप्ताह में आया था। उसके बाद करीब तीन सप्ताह बाद दूसरा और फिर उसके कुछ दिन बाद ही तीसरा केस मिला था। इसके बाद फिर अप्रैल से जिले में कोविड के केस की रफ्तार बढ़ना शुरू हो गई थी। एक दिन में कभी दो, चार, छह, दस, 12, 15, 19, 20 और पचास और अधिकतम दो सौ से अधिक तक केस आ चुके हैं। पहले जिले में केवल आरटीपीसीआर जांच में संक्रमित खोजे जा रहे थे। उसके बाद जिला अस्पताल में ट्रू-नेट, फिर अस्पताल में ही स्थापित हुई आरटीपीसीआर लैब, निजी लैब और उसके बाद रैपिड एंटीजन किट की जांच में भी संक्रमित दर्ज किए जाने लगे।
शुरू में संक्रमितों के आंकड़ों की गति धीमी थी, बाद में इसने इतनी गति पकड़ी सात महीने में ही आंकड़े दस हजार का आंकड़ा छूने लगे हैं। इन आंकड़ों पर लगाम कैसे लगे, फिलहाल स्वास्थ्य विभाग इस चिंता में चकराया हुआ है। शासन लगातार इसपर जवाब मांग रही है, पर अभी कोई ठोस सुझाव उसे नहीं सूझ रहा है।
जिलावार कोविड से जुड़े आंकड़ों पर एक नजर
जिला संक्रमित एक्टिव रिकवरी मौत
लखनऊ 55717 5553 49410 754
कानपुर 26074 2956 22428 690
प्रयागराज 20329 1921 18119 289
गोरखपुर 16521 1803 14451 267
गाजियाबाद 15326 1826 13421 79
वाराणसी 14986 1848 12861 277
नोएडा 14163 1434 12673 56
बरेली 10850 1257 9448 145
मेरठ 10752 1944 8546 262
मुरादाबाद 09090 1185 7756 149
(प्रदेश कोविड पोर्टल पर दर्ज ये आंकड़े छह अक्टूबर तक के हैं)
इन जिलों में रिकवरी में केवल मेरठ से आगे
कोविड संक्रमण से सबसे प्रभावित दस जिलों में मुरादाबाद ने रिकवरी में भी कोई खास आंकड़े तैयार नहीं किए हैं। इन दस जिलों में मात्र एक जिले से उसके नंबर बेहतर हैं। मेरठ से लगभग छह फीसद रिकवरी इस जिले में ज्यादा हुई है। रिकवरी के जो आंकड़े पोर्टल पर जनपदों के दर्ज किए गए हैं, उसमें सबसे ज्यादा रिकवरी नोएडा में 89.47, प्रयागराज में 89.12, लखनऊ में 88.68, गाजियाबाद में 87.56, गोरखपुर में 87.47, बरेली में 87.07, कानपुर में 86.01, वाराणसी में 85.82, मुरादाबाद में 85.32, मेरठ में 79.48 हुई है।
