Kanpur Theft: सात दुकानों के शटर तोड़ लाखों की चोरी...आक्रोशित व्यापारियों ने किया हंगामा, CCTV में तीन संदिग्ध कैद
कानपुर में सात दुकानों में चोरी
कानपुर, अमृत विचार। शनिवार देर रात चोरों ने दक्षिण क्षेत्र में अलग-अलग स्थानों पर नौ दुकानों का ताला तोड़ कर लाखों का माल पार कर दिया। नौबस्ता थाना क्षेत्र के मछरिया मार्केट में चोरों ने शनिवार रात सात दुकानों के शटर के ताले तोड़ करीब एक लाख रुपये नकद समेत माल पार कर दिया।
रविवार सुबह जानकारी होने पर घटना से आक्रोशित व्यापारी पुलिस पर गश्त न करने का आरोप लगा कर धरने पर बैठ गए।
हंगामे की सूचना पर मौके पर पहुंची नौबस्ता पुलिस ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन देकर व्यापारियों को शांत कराया। वहीं जूही के बसंती नगर में दो किराना दुकानों का ताला तोड़ कर चोरों ने माल साफ कर दिया।
मछरिया तिराहे शुक्ला मार्केट में आलोक चतुर्वेदी, सूरज, मनोज पांडेय, की रेडीमेड कपड़ों की दुकान है, जबकि गोरेलाल की बॉम्बे फुटवियर, बहनें रुबीना व चांदनी की चूड़ी व कॉस्मेटिक शॉप। साथ ही मार्केट में राधे की सौरभ बैग इंपोरियम नाम से दुकान है।
दुकानदारों ने बताया कि शनिवार रात सभी अपनी दुकान बंद कर घर गए थे। रविवार सुबह दुकानों के शटर टूटे होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचने पर दुकानों का शटर के ताले टूटे मिले। अलग-अलग दुकानों में रखी करीब 1 लाख की नकदी गायब थी, साथ ही कपड़े व अन्य सामान भी गायब मिला।
चोरी की सूचना पर नौबस्ता उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष कमल त्रिपाठी, महामंत्री आशीष तिवारी, सामाजिक कार्यकर्ता उपेंद्र तिवारी मौके पर पहुंचे और बसंत विहार चौकी इंचार्ज पर गश्त न करने का आरोप लगाते हुए धरना देकर मछरिया रोड जाम कर दी।
व्यापारियों के हंगामे की सूचना पर नौबस्ता इंस्पेक्टर जगदीश पांडेय फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। नौबस्ता इंस्पेक्टर ने व्यापारियों को घटना का जल्द खुलासा करने व अधिकारियों से चौकी इंचार्ज की शिकायत करने का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
वहीं जूही के परमपुरवा स्थित बसंती मार्केट में राम कुमार गुप्ता व पुष्पा गुप्ता की किराना की दुकानों का शटर तोड़ कर चोरों ने किराना का सामान व करीब पांच हजार रुपये पार कर दिए।
एडीसीपी साउथ अंकिता शर्मा ने बताया कि नौबस्ता में सीसीटीवी की जांच करने पर बाइक सवार तीन संदिग्ध कैद हुए है। जूही में आसपास सीसीटीवी तलाशे जा रहे हैं। जल्द ही चोरी का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें- Kanpur: राम मंदिर दर्शन के लिए गए छह जिगरी दोस्त, घर आई मौत की खबर, सोशल मीडिया में वो आखिरी सेल्फी...
