Pilibhit: 269 करोड़ से बनेगा शारदा नदी पर पुल, 94 करोड़ की पहली किस्त जारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पूरनपुर, अमृत विचार। विकास के मुद्दे पर लंबी लकीर खींचने में जुटी सरकार ने तराई के ट्रांस शारदा क्षेत्र के हालात बदलने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।

दशकों से बाढ़ की विभीषिका ने यहां के विकास को जकड़ कर रखा था। अब धनाराघाट से शारदा नदी पर 3.28 किलोमीटर लंबा पुल बनेगा। जिससे आवागमन ही नहीं बल्कि नदी के दोनों तटों के लाखों लोगों के भविष्य की डगर बनने जा रहा है। पुल निर्माण के लिए शासन ने 94 करोड़ रूपये की पहली किस्त भी जारी कर दी है।

पूरनपुर, धौरी-कंचनपुर मार्ग, धनाराघाट के तौर पर पहचाना जाता है। यहां शारदा नदी पर 3.28 किलोमीटर लंबा पुल बनने जा रहा है। पिछले दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट ने पुल के लिए 269 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया था। अब 94 करोड़ की पहली किस्त जारी हो गई है। इससे तराई के हिस्से की आबादी उत्साहित है। 

पूरनपुर के भाजपा विधायक बाबूराम पासवान ने पहली किस्त जारी होने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और लोक निर्माण विभाग के कैबिनेट मंत्री जितिन प्रसाद का, क्षेत्रवासियों की तरफ से आभार जताया है। वहीं, ट्रांस शारदा क्षेत्र की जनता ने विधायक के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें बधाई दी है। बता दें कि पूरनपुर विधायक इस प्रोजेक्ट को लेकर लंबे समय से प्रयासत हैं।  

विधायक ने कहा कि शारदा क्षेत्र की लाखों की आबादी का तहसील और जिला मुख्यालय से सीधा जुड़ाव हो जाएगा। अभी तक बरसात के दिनों में शारदा पार की आबादी पलिया होकर पूरनपुर और फिर पीलीभीत पहुंचती है। बारिश के बाद शारदा में अस्थायी पैंटून पुल बनाए जाते हैं, इसी से ग्रामीणों का आवागमन होता है।  इस पुल के निर्माण के बाद काफी राहत मिलेगी।

नेपाल तक पहुंच होगी आसान
धनाराघाट पुल हर एतबार से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सीमावर्ती जिला होने के नाते नेपाल और जिला लखीमपुर के लिए भी यह रास्ता महत्वपूर्ण होगा। दूसरा, क्षेत्र में नदी के कारण अभी तक जो विकास की गति ठहरी हुई थी। उसे भी रफ्तार मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने तहसील क्षेत्र की जनता को सेतु के रूप में बड़ा उपहार दिया है। निश्चित रूप से यह सेतु क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा। इस महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट पर हमारी सरकार द्वारा तत्परता दिखाने के लिए क्षेत्रवासियों की ओर से मुख्यमंत्री और कैबिनेट का ह्रदय से आभार व्यक्त करते हैं।- बाबूराम पासवान, विधायक पूरनपुर

ये भी पढ़ें- Pilibhit: सड़क किनारे खड़े तीन बच्चों को टक्कर मारकर पलटी कार, दो गंभीर

 

संबंधित समाचार