Mahoba: शराब छुड़ाने की दवा पीना दो युवकों को पड़ा भारी; चेहरा हुआ पीला... फिर हो गया ये कांड... जानें मामला
महोबा, अमृत विचार। शराब छुड़ाने के चक्कर में वैध से दवा पिलाने के लिए दो लोगों को परिजन को ले गए। दवा पीने के बाद दोनो युवक बेहोश हो गए, जिससे परिजन घबरा गए, लेकिन वैद्य ने कहा थोड़ी देर बाद ठीक हो जाएंगे, इन्हें आराम करने दो, जिससे परिजन कहीं नहीं ले गए, देखते ही देखते दोनों की हालत बिगड़ने लगी और दोनो को पीला पड़ता देख उन्हें सीएचसी पनवाड़ी ले गए, जहां पर डाक्टरों ने दोनो को मृत घोषित कर दिया। दवा पीने से दो लोगों की मौत से परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस वैद्य को हिरासत में ले लिया और पूछताछ की जा रही है।
जनपद हमीरपुर के थाना चिकासी के ग्राम रिहौटा निवासी रोहित पासवान (25) पुत्र मूलचंद्र पासवान, जनपद हमीरपुर के थाना मझगवां क्षेत्र के ग्राम रावतन टोला निवासी देवेंद्र राजपूत (27) पुत्र नारायणदास राजपूत शराब पीने के आदी थे। परिवार के लोग इनके शराब पीने से आजिज आ चुके थे। दोनो के परिजनों को जनपद महोबा के कस्बा पनवाड़ी निवासी उलू वैद्य द्वारा शराब छुड़ाने की दवा पिलाए जाने की जानकारी मिली, जिससे दोनो युवक के परिजन उन्हें कस्बा पनवाड़ी वैद्य के यहां ले गए।
राठ रोड पर पावर हाउस के पास अपने मकान में वैद्य ने दोनो युवकों को दवा पिलाई, दवा पीते ही दोनो युवक बेहोश हो गए और जमीन पर लेट गए। इससे परिजन घबरा गए। वैद्य ने परिजनों को कुछ देर बाद होश में आने की बात कही।
परिजन काफी देर तक होश में आने का इंतजार करते रहे, लेकिन होश में आने के बजाय दोनो युवकों का चेहरा पीला पड़ता देख परिजन उन्हें आनन फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पनवाड़ी ले गए, जहां पर डाक्टरों ने चेकअप करने के बाद दोनो युवकों को मृत घोषित कर दिया।
दवा पीने से दो लोगों की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाया और वैद्य को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने दोनो शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना से मृतकों के घर पर कोहराम मचा हुआ है।
