Kanpur Dehat: पूर्व राष्ट्रपति के पैतृक गांव में बनेगा सर्वोदय आवासीय विद्यालय; इस दिन होगा शिलान्यास...जानें
कानपुर देहात, अमृत विचार। पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख में सर्वोदय आवासीय विद्यालय बनाया जाएगा। करीब पांच एकड़ में बनने वाले विद्यालय का शिलान्यास 12 मार्च को किया जाएगा। इस दौरान पूर्व राष्ट्रपति व डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का कार्यक्रम प्रस्तावित है। अधिकारियों ने कार्यक्रम तैयारियों का जायजा लिया है।
पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के पैतृक गांव परौंख में जय प्रकाश नारायण सर्वोदय आवासीय विद्यालय बनाए जाने का प्रस्ताव पूर्व में शासन को भेजा गया था। जिसकी मंजूरी देने के बाद भूमि भी चिन्हित कर ली गई है। समाज कल्याण विभाग की ओर से भूमि पर विद्यालय के भवन का निर्माण कराया जाएगा।
जिला समाज कल्याण अधिकारी डॉ. प्रज्ञा शंकर तिवारी ने बताया कि विद्यालय भवन पांच एकड़ में बनवाया जाएगा। जिसके निर्माण में करीब 45 करोड़ रुपये की लागत आएगी। उन्होंने बताया कि सर्वोदय आवासीय विद्यालय में छात्रों को शिक्षा के साथ ही निशुल्क छात्रावास, पाठय पुस्तक, यूनीफार्म आदि की सुविधा भी मिलेगी।
विद्यालय में 80 प्रतिशत अनुसूचित जाति/जनजाति व 20 प्रतिशत सामान्य व पिछड़ा वर्ग छात्रों को प्रवेश दिए जाने की व्यवस्था है। इसी क्रम में 12 मार्च को शिलान्यास किया जाना प्रस्तावित है। जिसमे पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक, राज्यमंत्री असीम अरुण मौजूद रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
