Bareilly News: 100 बसों से 5 हजार से ज्यादा कार्यकर्ता रामलला के दर्शन को कल जाएंगे अयोध्या

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा ने जिले से पांच हजार से अधिक कार्यकर्ताओं को अयोध्या में रामलला के दर्शन कराने की योजना बनाई है। बरेली और महानगर से करीब सौ बसों में कार्यकर्ता मंगलवार को अयोध्या के लिए रवाना होंगे।

श्रीराम मंदिर के उद्घाटन से पहले बरेली में जनसभा करने आए सीएम योगी आदित्यनाथ ने जनप्रतिनिधियों से अपने खर्चे कर लोगों को अयोध्या लाने के निर्देश दिए थे। भाजपा बरेली और महानगर अध्यक्ष की ओर से कार्यकर्ताओं को अयोध्या दर्शन कराने की तैयारी की गई है। इससे पहले संघ की ओर से कार सेवकों को बसों से रामलला के दर्शन कराए जा चुके हैं। 

महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना ने बताया कि 12 मार्च की शाम को नकटिया से 40 बसों से करीब 21 सौ कार्यकर्ताओं को अयोध्या ले जाने की व्यवस्था की गई है। सभी बसें एक साथ रवाना होंगी। उनके क्षेत्र में 797 बूथ हैं और प्रत्येक बूथ के अध्यक्ष समेत दो लोगों को ले जाने की तैयारी है। इसके अलावा पांच सौ के करीब और कार्यकर्ता हैं। सभी महिला और पुरुष कार्यकर्ता कीर्तन-भजन करते हुए जाएंगे।सभी के लिए प्रवेश कार्ड बन गए हैं। 13 मार्च की सुबह कार्यकर्ता दर्शन करेंगे और 14 की सुबह वापसी होगी। 

बरेली जिलाध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि उन्होंने 60 बसों से 31 सौ कार्यकर्ताओं को अयोध्या ले जाने की व्यवस्था की गई है। सभी कार्यकर्ता फरीदपुर टोल प्लाजा पर पहुंचेंगे और वहां से बसों से रवाना होंगे। कार्यकर्ताओं को सरयू स्नान, कनक भवन, हनुमान गढ़ी और रामलला के दर्शन कराने की भी याेजना है।

रविवार को भाजपा कार्यालय में महानगर अध्यक्ष अधीर सक्सेना की अध्यक्षता में बैठक कर व्यवस्था की सभी को जिम्मेदारियां दी गईं। इसमें लोकसभा संयोजक राजकुमार शर्मा, लोकसभा सहसंयोजक डॉ. केएम अरोड़ा, महानगर उपाध्यक्ष विष्णु शर्मा, अजय प्रताप सिंह, विष्णु अग्रवाल, महानगर मंत्री शीतल गुलाटी, अमरीश कठेरिया, गौरव गुप्ता, मंडल अध्यक्ष ज्ञान प्रकाश लोधी, राम बहादुर मौर्य, कन्हैया राजपूत, नरेंद्र मौर्य, विक्रम शर्मा, मनोज, राजीव, विक्रम मौजूद रहे।

ये भी पढे़ं- Bareilly News: बहू ने सास को गलियों में दौड़ाकर पीटा, थाने पहुंची महिला

 

संबंधित समाचार