Bareilly News: भाजपा ब्रज क्षेत्र के कार्यालय प्रभारी संजीव की सड़क हादसे में मौत, महाकाल के दर्शन करके उज्जैन से लौट रहे थे आगरा
बरेली/आगरा, अमृत विचार। महाकाल के दर्शन करके उज्जैन से आगरा लौट रहे भाजपा ब्रज क्षेत्र की टीम के कार्यकर्ताओं की कार मध्य प्रदेश के गुना जनपद के कुंभराज थाना क्षेत्र में पार्वती नदी के पास रविवार तड़के टायर फटने की वजह से पलट गई।
हादसे में बरेली के पीलीभीत रोड स्थित कृष्णा होम निवासी ब्रज क्षेत्र के कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज की मौत हो गई, जबकि कार सवार अन्य छह कार्यकर्ता घायल हो गए। संजीव के निधन से ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य समेत अन्य वरिष्ठ नेताओं में शोक छा गया। परिवार के लोग दोपहर में ही आगरा पहुंच गए। भाजपा नेता परिवार के साथ संजीव का शव लेकर बरेली लौट रहे हैं। सोमवार सुबह अंतिम संस्कार किया जाएगा।
हादसे में घायल हुए आगरा के शाहदरा वार्ड से पार्षद विजय वर्मा के मुताबिक ब्रज क्षेत्र कार्यालय की टीम आठ मार्च की रात 10:30 बजे महाकालेश्वर के दर्शन करने के लिए उज्जैन निकली थी। नौ मार्च की सुबह 6 बजे पहुंचकर महाकाल के दर्शन किए और उसके बाद ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग के दर्शन करने गए। दर्शन के बाद देर रात उज्जैन से आगरा के लिए वापसी कर रहे थे।
रास्ते में मध्य प्रदेश के गुना जनपद के थाना कुंभराज में पार्वती नदी के पास अचानक कार का टायर फट गया। कार अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बरेली के कृष्णा हाेम निवासी कार सवार ब्रज क्षेत्र कार्यालय प्रभारी संजीव भारद्वाज, पार्षद विजय वर्मा सहित सात लोग घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने घायलों को कार से बाहर निकाला और जिला अस्पताल भेजा।
अस्पताल में चिकित्सकों ने संजीव भारद्वाज को मृत घोषित कर दिया। जबकि कार सवार मुकुल वर्मा, विकास, पुष्पेंद्र यादव, पूर्व पार्षद सरवन कश्यप, शैलेंद्र जाट और पार्षद विजय वर्मा घायल हो गए। ब्रज क्षेत्र के अध्यक्ष दुर्विजय सिंह शाक्य ने बताया कि संजीव मूलरूप से बदायूं के रहने वाले थे, लेकिन वर्षों से कृष्णा हाेम में मकान बनाकर रह रहे थे। उनकी पत्नी मंजू भारद्वाज जीजीआईसी में शिक्षिका हैं और आठ साल की एक बेटी है।
आगरा ब्रज क्षेत्र कार्यालय पर शव रखकर दी पुष्पांजलि
हादसे की सूचना से आगरा ब्रज क्षेत्र भाजपा में शोक की लहर दौड़ गई है। पोस्टमार्टम के बाद अंतिम दर्शन के लिए संजीव का शव आगरा में ब्रज क्षेत्र कार्यालय लाया गया। जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
संजीव भाजपा की छात्र शाखा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के पूर्ण कार्यकर्ता थे। वह संगठन मंत्री भी रह चुके थे। वह चार भाइयों में तीसरे नंबर के थे। उनके छोटे भाई आलोक भारद्वाज दिल्ली स्थित भाजपा कार्यालय में कार्यरत हैं।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: दिल्ली हाईवे से एक किमी दूर बन रहा रोडवेज बस अड्डा एक साल में भी अधूरा
