Bareilly News: दिल्ली हाईवे से एक किमी दूर बन रहा रोडवेज बस अड्डा एक साल में भी अधूरा
बरेली/मीरगंज, अमृत विचार। परिवहन की सुविधा बढ़ाने के लिए मीरगंज विधानसभा क्षेत्र के फतेहगंज पश्चिमी कस्बे में दो करोड़ 59 लाख की लागत से रोडवेज बस अड्डा का निर्माण कराया जा रहा है। दिल्ली हाईवे से करीब एक किलोमीटर दूर बन रहा बस अड्डा एक साल बाद भी अधूरा है। निर्माण में देरी की वजह से धनराशि जारी न होना बताया गया है। अब 7 मार्च को दूसरी किस्त के रूप में 1 करोड़ 29 लाख की धनराशि जारी की गई है।
बस अड्डे के बनने के बाद भी लोगों को दिक्कतें झेलनी होंगी, क्योंकि यह बरेली-दिल्ली हाईवे से करीब एक किमी दूर शाही रोड पर भिटौरा क्षेत्र में बन रहा है। बस अड्डा सिंचाई विभाग की करीब डेढ़ एकड़ भूमि पर बनाया जा रहा है, हालांकि बस अड्डे के नजदीक ही भिटौरा रेलवे स्टेशन भी है।
मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा से फतेहगंज पश्चिमी वासियों ने कई बार बस अड्डे की मांग रखी और बसें नहीं होने की शिकायतें भी कीं। ग्रामीणों की शिकायतों पर ध्यान देते हुए विधायक ने शासन को नगर में बस अड्डे का प्रस्ताव भेजा था। उसी में रोडवेज बस स्टेशन को मंजूरी मिली।
पहले बस अड्डा मीरगंज में प्रस्तावित था, लेकिन यहां जगह न मिलने के चलते इसे फतेहगंज पश्चिमी में सिंचाई विभाग की जमीन पर बनाए जाने की संस्तुति शासन से मिली थी। सिंचाई विभाग की जमीन पर प्रस्तावित बस अड्डे के लिए जमीन राज्य सड़क परिवहन निगम को स्थानांतरित की गई थी।
राजस्व कर्मियों ने शाही मार्ग पर स्थित भिटौरा में सिंचाई विभाग की करीब डेढ़ एकड़ भूमि चयनित की। इसके बाद निर्माण शुरू हुआ। बरेली-दिल्ली हाईवे से मीरगंज से आएं या फिर बरेली से दोनों ही ओर कस्बा के अंदर होकर निकलने पर करीब एक किलोमीटर की दूरी पर बस अड्डा आएगा। रविवार को अमृत विचार की टीम ने निर्माणाधीन बस अड्डे की स्थिति देखी तो निर्माण कार्य रुका मिला।
हालांकि चारदीवारी के अंदर कर्मचारी व यात्रियों के बैठने की जगह पर निर्माण पूरा मिला। मेन गेट, फर्श, आदि कार्य अधूरा है। कार्यदायी संस्था कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज उप्र जल निगम के अधिकारियों के अनुसार पांच माह में बस अड्डे का निर्माण कार्य पूरा हो जायेगा। इधर, विशेष सचिव केपी सिंह ने 7 मार्च को परिवहन आयुक्त को पत्र जारी कर 1 करोड़ 29 लाख रुपये की धनराशि आवंटित करने की जानकारी दी है।
ये भी पढे़ं- Bareilly News: पऊनगला के तालाब की खोदाई शुरू, एक गाय का शव निकाला बाहर
