Kanpur: अगर नहीं बनेगा अंडरपास तो मतदान का होगा बहिष्कार...ग्रामीणों ने बैनर लगाकर जताई नाराजगी, दिया धरना

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

कानपुर में अंडरपास न होने को लेकर ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार किया

कानपुर, अमृत विचार। चौबेपुर थानाक्षेत्र के मरियानी गांव के सामने हाईवे पर अंडरपास कट न दिये जाने से आक्रोशित लोगों ने आगामी चुनाव में मतदान नहीं करने का ऐलान किया। अधिकारियों की कार्यशैली से खफा गांव वालों ने धरनास्थल पर बैनर लगाकर अपनी नाराजगी जाहिर की।

मरियानी गांव के सामने हाईवे पर अंडरपास कट न दिये जाने से ग्रामीणों को बड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारियों को दिए पत्र में ग्रामीणों ने बताया था कि गांव की अस्सी फीसदी उपजाऊ भूमि, पूर्व माध्यमिक विद्यालय, उप स्वास्थ्य केंद्र व गांव का प्राचीन मंदिर हाईवे के दूसरी ओर दक्षिण दिशा में स्थित है। ऐसे में लोगों को स्थानों तक आवागमन करने के लिए चार किमी का अतिरिक्त चक्कर काटना पड़ रहा है। 

सबसे बड़ी दिक्कत किसानों व स्कूली बच्चों के समक्ष बनी हुई है। समस्या को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने भी  विभागीय उच्चाधिकारियों को इस बाबत पत्र लिखकर इसका निदान कराये जाने की बात कही। 

इधर, 1 मार्च को जिलाधिकारी के निर्देश पर एडीएम सिटी, एनएचआई की टीम, एसडीएम, एसीपी बिल्हौर, एसीपी ट्रैफ़िक और एआरटीओ की टीम ने मौके पर जाकर निरीक्षण किया था और ग्रामीणों से बातचीत कर रिपोर्ट डीएम को भेजी थी।

बावजूद इसके समस्या का अभी तक कोई समाधान नहीं हो सका। ग्राम प्रधान श्याम जी कुशवाहा ने बताया कि विभागीय अधिकारियों व प्रशासनिक अधिकारी से अभी तक आश्वासन ही मिल रहे हैं। समस्या के निदान के अभी तक कोई प्रयास शुरू नहीं किए गए हैं।

परिणामस्वरूप मरियानी के अलावा पड़ोस के भिंडुरी, जरारी आदि गांवों के लोगों ने आगामी चुनाव मे मतदान न किये जाने की बात कही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने धरनास्थल पर मतदान बहिष्कार का बैनर टांग अपनी पीड़ा जाहिर की।

ये भी पढ़ें- Kanpur: हाय मेरा लाल! एक बार चेहरा तो दिखा दो...तीन दोस्तों की उठी अर्थी, चीत्कारों से गूंज उठा इलाका, देखें- PHOTOS

संबंधित समाचार