मीरजापुर: युवक ने पांच वर्षीया दलित बच्ची संग किया दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
मीरजापुर। यूपी के मीरजापुर जिले में एक पांच वर्षीया दलित बच्ची के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। यह मामला अदलहाट थाना क्षेत्र के एक गांव का बताया गया है। जहां गांव के ही युवक ने बच्ची से दुष्कर्म किया है। युवक ने सुनसान जगह पर बच्ची को ले जाकर दुष्कर्म को अंजाम दिया है। जानकारी होते ही गांव में सनसनी फैल गई, वहीं लोग आक्रोशित भी हो उठे हैं।
बताया जा रहा है कि आरोपी युवक बच्ची को गांव में घुमाने के बहाने ले गया था। बाद में बेहोशी की हालत में बच्ची को परिजनों को सौंप कर चलते बना था। बच्ची की मां के तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सूचना पर पुलिस ने बच्ची को मेडिकल के लिए भेज कर जांच में जुटी हुई है। एसपी अभिनन्दन ने बताया कि विशेष रुप से पैरवी कर 1 महीने के भीतर आरोपी को कड़ी सजा दिलाई जाएगी।
पुलिस के मुताबिक सोमवार, 11 मार्च 2024 को थाना अदलहाट क्षेत्रांतर्गत एक नाबालिग के साथ पड़ोस के रहने वाले एक युवक द्वारा दुष्कर्म की सूचना पर पुलिस उच्चाधिकारीगण, फॉरेंसिक टीम व थाना अदलहाट पुलिस द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया गया तथा तहरीर प्राप्त कर थाना अदलहाट पर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर त्वरित कार्यवाही करते हुए घटना से सम्बन्धित सजातीय आरोपी युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक द्वारा उक्त घटना को गंभीरता पूर्वक लेते हुए स्वयं मॉनिटरिंग, पर्यवेक्षण किया जा रहा है तथा न्यायालय के समक्ष यथाशीघ्र गवाहों एवं साक्ष्यों को प्रस्तुत कर प्रभावी पैरवी कराते हुए अभियुक्त को जल्द से जल्द सजा करायी जायेगी की बात कही गई है।
ये भी पढ़ें -प्रयागराज: बीएमएस डॉक्टर अल्ट्रासाउंड करते गिरफ्तार, जानिए क्या है पूरा मामला
