बरेली: शहर में कई जगह झूल रहे तार, कहीं न हो जाए गाजीपुर जैसा हादसा
फोटो- रामपुर रोड पर सड़क के बीच में लगे पोल और नीचे लटकती हाईटेंशन लाइन।
बरेली, अमृत विचार: गाजीपुर में बरातियों से भरी बस हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गई थी। हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई थी। शहर में भी रामपुर रोड, बाईपास समेत कई स्थानों पर तार झूल रहे हैं। इस वजह से हादसे का डर बना हुआ है, मगर अफसरों का ध्यान इस ओर नहीं है। मिनी बाईपास से झुमका तिराहे तक जाने वाले रोड पर बिजली विभाग की लापरवाही से कई बार हादसे हो चुके हैं।
पिछले साल रामपुर रोड पर महिला पॉलिटेक्निक के सामने एक ट्रक 11 हजार केवी लाइन की चपेट में आ गया था। करंट से शाही के गांव बीथम नौगंवा निवासी ड्राइवर जमील खान की मौत हो गई थी। उससे पहले रामपुर रोड पर हाईटेंशन लाइन की जद में आने से एक अन्य ट्रक ड्राइवर की मौत हो चुकी है।
इन हादसों के बाद डीएम ने तारों को ऊंचा करने के निर्देश दिए थे, लेकिन अभी तक अधिकारियों ने तारों को ऊंचा नहीं कराया है।वहीं, रामपुर रोड पर चौड़ीकरण के बाद भी पोल को शिफ्ट नहीं किया गया है। इस वजह से रात में बाइक सवारों के पोल से टकराने का डर बना रहता है।
अधिशासी अभियंता और एसडीओ को मौके पर भेजकर स्थिति दिखवाई जाएगी। अगर तार अधिक नीचे हैं तो उन्हें ऊंचा कराकर सड़क पर आने वाले पोल किनारे कराए जाएंगे---अंबा प्रसाद, अधीक्षण अभियंता।
यह भी पढ़ें- बरेली: माह-ए-रमजान का आगाज, अनजाने में हुई गलती अल्लाह करता है माफ
