Kannauj कांड में Unnao के प्रधानाध्यापक पर गिरी निलंबन की गाज...जांच में सही पाया गया मामला, पढ़ें- पूरी खबर
कन्नौज कांड में उन्नाव के प्रधानाध्यापक पर गिरी निलंबन की गाज
कन्नौज, अमृत विचार। बेसिक शिक्षा विभाग के वरिष्ठ लिपिक पर रुपये फेंककर पीटने वाला शिक्षक निलंबित कर दिया गया। बीएसए कन्नौज के पत्र के आधार पर गठित जांच समिति की रिपोर्ट में मामला सही पाया और उन्नाव की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शिक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए उसे खंड शिक्षा अधिकारी नवाबगंज कार्यालय से संबद्ध कर दिया है।
बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यालय में 29 फरवरी को एंटी करप्शन टीम ने वरिष्ठ लिपिक विमल पांडेय को रिश्वत के आरोप में गिरफ्तार करते हुए सदर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। बाद में बीएसए कार्यालय से जारी सीसीटीवी फुटेज में देखा गया कि नीली शर्ट पहने युवक ने फाइल से लिपिक पर रुपये फेंक दिए और पीटने लगा।
इसकी पहचान उन्नाव जनपद के प्राथमिक विद्यालय बैरी शादीपुर ब्लॉक बांगरमऊ के प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार पाल के रूप में हुई। कन्नौज बीएसए उपासना रानी वर्मा ने उन्नाव बीएसए को पत्र लिखा और जांच की मांग की। इस पर तीन सदस्यीय समिति गठित की गई। समिति की रिपोर्ट के आधार पर उन्नाव बीएसए संगीता सिंह ने प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार पाल को निलंबित कर दिया है।
अवकाश लेकर नहीं आया था शिक्षक
उन्नाव बीएसए ने बताया कि 29 फरवरी को बांगरमऊ ब्लॉक के खंड शिक्षा अधिकारी ने दोपहर 12:30 बजे प्राथमिक विद्यालय बैरी शादीपुर का आकस्मिक निरीक्षण किया था, जिसमें प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार पाल बिना सूचना अनुपस्थित पाए गए थे। पोर्टल पर कोई आवेदन भी नहीं था और विद्यालय में कोई प्रार्थना पत्र भी नहीं मिला था। तब एक दिन का वेतन काट कर कारण बताओ नोटिस जारी किया गया था।
शिक्षकों और रसोइयों ने की थी शिनाख्त
जांच समिति ने 11 मार्च को प्राथमिक विद्यालय बैरी शादीपुर का निरीक्षण किया तो प्रधानाध्यापक प्रवीण कुमार पाल अनुपस्थित मिला। उपस्थित पंजिका में वह 29 फरवरी से बिना किसी सूचना अनुपस्थित मिला। जांच समिति के अधिकारियों ने जब सीसीटीवी फुटेज दिखाए, तो अन्य शिक्षकों व रसोइयों ने उसकी शिनाख्त की। बीएसए ने बताया कि प्रधानाध्यापक ने कंपोजिट ग्रांट से विद्यालय में कोई काम नहीं कराया, जिससे विद्यालय की अवस्था जीर्ण-शीर्ण हालत में मिली थी। पिछले साल छात्र संख्या 80 थी, जो इस वर्ष घटकर 68 रह गई है।
पहले भी निलंबित रह चुका प्रधानाध्यापक
आरोपी शिक्षक प्रवीण कुमार पाल पहले भी अभद्रता में निलंबित रह चुका है। बीएसए ने बताया कि 22 फरवरी 2019 को बीआरसी बांगरमऊ में ग्रेडेड लर्निंग प्रशिक्षण में अनुपस्थिति तिथि में जबरन हस्ताक्षर करने से मना करने पर उसने अपशब्दों का प्रयोग करते हुए प्रभारी सह सन्वयक के साथ धक्कामुक्की की थी। इस मामले में 27 फरवरी 2019 को उसे निलंबित कर दिया गया था।
कन्नौज बीएसए कार्यालय में घुसकर वरिष्ठ लिपिक पर रुपये फेंककर मारपीट करने वाला शिक्षक प्रवीण कुमार पाल है और वह एक गैर मान्यता प्राप्त संगठन से भी जुड़ा है। जांच समिति की रिपोर्ट के आधार पर उसे निलंबित कर दिया गया है और इसकी जांच बीईओ सुमेरपुर, सिकंदरपुर सरोसी व नवाबगंज को संयुक्त रूप से दी गई है।- संगीता सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, उन्नाव
बीएसए ने दी तहरीर, कोतवाल को पता भी नहीं
बीएसए कार्यालय में 29 फरवरी को एनवीआर उखाड़कर चोरी करने वाले औरैया जनपद के विधूना ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय झबरा के शिक्षक पंकज कुमार व एक अज्ञात युवक के खिलाफ जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी उपासना रानी वर्मा ने तहरीर सदर कोतवाली में मंगलवार को दी थी, लेकिन अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।
बीएसए ने सरकारी कार्य में बाधा, कार्यालय से एनवीआर चोरी, अभिलेख व रैक खंगालने व साक्ष्य मिटाने समेत कई आरोपों में तहरीर दी है। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक विष्णुकांत तिवारी ने बताया कि उन्हें बीएसए की तहरीर के बारे कोई जानकारी नहीं है। विदित हो कि घटना वाले दिन भी बीएसए कार्यालय के कर्मचारियों ने कोतवाली में तहरीर दी थी, लेकिन अभी तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है। बीएसए ने बताया कि पुलिस के इस व्यवहार को लेकर एसपी से वार्ता की जाएगी।
