Banda: खेतों में सिंचाई कर रहे किसान की धारदार हथियार से हत्या; पुलिस ने कहा- 'जल्द करेंगे हत्या का खुलासा'

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बांदा, अमृत विचार। मरका थाना क्षेत्र पिंडारन गांव निवासी प्रेमचन्द्र उर्फ कल्लू (60) पुत्र हरी सिंह बुधवार की रात आठ बजे अपने घर से तीन किलोमीटर दूर स्थित बाकल हाल खेतों की सिंचाई करने के लिए गया था। रात में ही अज्ञात लोगों ने उसे खेत में ही दबोच लिया और धारदार हथियार से सिर पर वार करके किसान की हत्या कर दी। 

घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से भाग निकले। गुरुवार की सुबह परिजन बाकल हाल पहुंचे तो किसान नजर नहीं आया। खेतों में जाकर देखा तो खून से लथपथ शव पड़ा हुआ था। परिजनों की चीखपुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। हत्या की खबर पाकर सीओ राजवीर सिंह और थाना प्रभारी मरका रमेश कुमार मौके पर पहुंच गए। फारेंसिक टीम ने नमूने लिए। डाग एस्कवायड भी मौके पर पहुंचा, लेकिन सफलता नहीं मिली। 

बाद में खबर पाकर पुलिस अधीक्षक डा. अंकुर अग्रवाल भी मौके पर पहुंचे और बारीकी से घटनास्थल का निरीक्षण किया। परिजनों से पूछताछ भी की। मरका पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक किसान के पास 20 बीघा खेत हैं। उसके तीन पुत्र हैं। 

मरका थाना प्रभारी रमेश कुमार ने बताया कि तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। जल्द ही हत्या का खुलासा किया जाएगा। ज़िला पंचायत अध्यक्ष सुनील पटेल ने घटनास्थल पर पहुंचकर एसपी को घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए और परिजनों को ढांढस बंधाया।

यह भी पढ़ें- Kanpur: गोलीकांड में पुलिस ने किया खुलासा; तीन आरोपी हुए गिरफ्तार, इस बात को लेकर मचा था दो पक्षों में बवाल...

 

संबंधित समाचार