हरदोई: ट्रक की टक्कर से कार सवार की मौत, ड्राइवर ट्रक छोड़ कर फरार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

हरदोई-शाहजहांपुर हाई-वे पर गुलामऊ पुलिया के पास हुआ हादसा

हरदोई। तेज होती रफ्तार हर दिन किसी न किसी की ज़िंदगी को निगलती जा रही है। गुरुवार की देर रात हरदोई-शाहजहांपुर हाई-वे पर ट्रक ने एक कार में सामने से टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार युवक की मौत हो गई। इस बीच ड्राइवर ट्रक को वहीं पर छोड़ कर भाग गया।

बताया गया है कि गुरुवार की देर रात में हरदोई-शाहजहांपुर हाई-वे पर गुलामऊ पुलिया के पास तेज़ रफ्तार ट्रक ने कार में टक्कर मार दी, जिसमें कार सवार 35 वर्षीय रामलोटन उर्फ अजय पुत्र रामदीन निवासी अटवा असिगांव बुरी तरह से ज़ख्मी हो गया,इसका पता होते ही वहां लोगों की भीड़ बढ़ती देख ड्राइवर ट्रक को वहीं छोड़ कर भाग गया।

बुरी तरह ज़ख्मी हुए रामलोटन उर्फ अजय को पुलिस ने मेडिकल कालेज पहुंचाया,लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो गई। वह गुरुवार की सुबह किसी काम से शहर आया हुआ था और देर रात को वापस लौट रहा था,उसी बीच वह हादसे का शिकार हो गया। एसएचओ कोतवाली देहात अनिल सैनी ने बताया कि शव को कब्ज़े में लेते हुए उसका पोस्टमार्टम कराया है। ट्रक पुलिस के कब्ज़े में है। हादसे की जांच शुरु कर दी है।

आकांक्षा की अधूरी रही 'आकांक्षा'

हादसे का शिकार हुए रामलोटन उर्फ अजय खेती-बाड़ी करता था। उसके परिवार में पत्नी श्रीमती के अलावा चार बच्चे है, उनमें आकांक्षा सबसे बड़ी है। उसने आकांक्षा की शादी तय कर दी थी। अगले महीनें 15 अप्रैल को उसका तिलक और उसके 10 दिनों बाद 25 अप्रैल को उसकी शादी होनी थी। रामलोटन उर्फ अजय अपनी लाडली बिटिया की शादी की तैयारी कर रहा था। लेकिन उसी बीच हुए हादसे ने उसके घर की सारी खुशियां छींन ली। सभी घर‌ वालों का रो-रो कर बुरा हाल है।

हाई-वे पर शव रख कर हुआ हंगामा

गुलामऊ पुलिया के पास हुए हादसे में अटवा असिगांव के रामलोटन  उर्फ अजय की मौत से गुस्साए लोग शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद जब उसका शव गांव पहुंचा तो गुस्साए लोगों ने शव को वहीं हाई-वे पर रख कर काफी हंगामा किया। इसी बीच वहां पहुंची पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझाया और पूरा इंसाफ दिलाने का भरोसा दिलाया, तब कहीं भीड़ का गुस्सा कुछ ठंडा पड़ा।

यह भी पढ़ें:-"मोदी-योगी से बैर नहीं रविंद्र तुम्हारी खैर नहीं"... पांच साल कहां थे? बलिया में भाजपा उम्मीदवार को जनता ने घेरकर पूछा सवाल

संबंधित समाचार