पीलीभीत: लोकसभा चुनाव से पहले घर वापसी, फिर भाजपाई हुए डीके गुप्ता और श्याम बिहारी भोजवाल
बिलसंडा, अमृत विचार: निकाय चुनाव के दौरान भाजपा से निष्कासित किए गए और फिर निर्दलीय चुनाव जीतकर नगर पंचायत अध्यक्ष का ताज अपने सिर सजाने वाले नगर पंचायत बिलसंडा के चेयरमैन डीके गुप्ता और बरखेड़ा नगर पंचायत चेयरमैन श्याम बिहारी भोजवाल एक बार फिर भाजपाई हो गए हैं। लोकसभा चुनाव के ठीक पहले दोनों भाजपा में शामिल हो गए। उन्हें प्रदेश अध्यक्ष भाजपा भूपेंद्र चौधरी ने सदस्यता ग्रहण दिलाई।
बता दें कि गत वर्ष हुए नगर निकाय चुनाव में डीके गुप्ता को भाजपा से टिकट नहीं मिला। जिसके चलते वह बागी हो गए थे। स्थानीय नेताओं के समझाने के बाद भी वह नहीं माने बल्कि उन्होंने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव भी लड़ा। दमखम के साथ निर्दलीय चुनाव लड़कर बिलसंडा नगर पंचायत अध्यक्ष सीट पर विजय प्राप्त की। इससे पहले ही उन्हें भाजपा से छह वर्ष के लिए निष्कासित कर दिया गया था।
अब लोकसभा चुनाव से पहले ही फेरबदल करते हुए शुक्रवार को उनका निष्कासन रद्द करते हुए उन्हें लखनऊ बुलाकर प्रदेश भाजपा मुख्यालय पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक,प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, परिवहन मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने उन्हें फिर से पार्टी की सदस्यता दिलाई। उधर भाजपा विधायक विवेक वर्मा, मंडल अध्यक्ष विक्रम गंगवार, अजय जायसवाल, आशीष सक्सेना, डा.रत्नेश गंगवार, पंकज जायसवाल, रजत सागर, आनंद स्वरूप प्रजापति आदि ने पुनः पार्टी में शामिल होने पर उन्हें बधाई दी।
चेयरमैन बिलसंडा ने कहा कि भले ही वह दूर हों पर दिल भाजपा के लिए ही धड़कता था।अब डबल इंजन की सरकार के साथ मिलकर विकास को नया आयाम तो मिलेगा ही,साथ ही पहले से कई गुना अधिक विकास की गंगा बहेगी।
इसी तरह से भाजपा प्रदेश कार्यालय लखनऊ में शुक्रवार को ही प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में बरखेड़ा नगर पंचायत अध्यक्ष श्याम बिहारी भोजवाल ने भी भारतीय जनता पार्टी की दोबारा सदस्यता ग्रहण की। ये भी निकाय चुनाव के दौरान निष्कासित किए गए थे। इस मौके पर लक्ष्मी कान्त भोजवाल, हरिओम भोजवाल, प्रदीप सक्सेना, कामोद भोजवाल, नवनीत सक्सेना, प्रवेश भारती आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत: जानिए कौन सी बीमारी की चपेट में आए दुधारू पशु, दूध देना भी कर रहे बंद
