पांचवें चरण में गोंडा और कैसरगंज में पड़ेंगे वोट, 26 अप्रैल को जारी होगी अधिसूचना, 20 मई को होगा मतदान

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गोंडा, अमृत विचार। शनिवार को चुनाव आयोग ने लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया। तारीखों की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गयी है। जिले की गोंडा व कैसरगंज लोकसभा सीट पर पांचवें चरण में 20 मई को मतदान होगा। इसके लिए 26 अप्रैल को अधिसूचना जारी होगी। चुनाव के लिए तीन मई तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। 

4 मई को नामांकन पत्रों की जांत होगी और 6 मई को नामांकन पत्र वापस लिए जा सकेंगे। 20 मई को जिले की दोनों लोकसभा सीटों पर मतदान होगा। शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने प्रेस कांफ्रेंस कर चुनाव कार्यक्रम की जानकारी दी। 

जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा के साथ ही आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गयी है। आचार संहिता के लागू होने के बाद कोई भी सरकारी अधिकारी या कर्मचारी किसी भी राजनैतिक कार्यक्रम अथवा जन प्रतिनिधियों की तरफ से आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सकेगा‌।

सरकार के किसी मंत्री के दौरे पर प्रोटोकॉल की व्यवस्था भी लागू नहीं होगी। डीएम ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से अनुपालन कराया जायेगा। किसी भी प्रत्याशी को अनुमति से अधिक वाहन लेकर चलने की छूट नहीं होगी। अगर किसी प्रत्याशी ने काफिला बनाया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जायेगी।

लाउडस्पीकर का प्रयोग भी सभा स्थल तक ही सीमित रहेगा। जुलूस पर पूरी तरह से रोक रहेगी। बिना अनुमति जुलूस नही निकाला जा सकेगा। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद हो जायेगा। शराब की दुकानें भी 48 घंटे पहले ही बंद कर दी जायेंगी। राजनैतिक दल के तरफ से वितरित की जाने वाली पहचान पर्ची पर दल का निशान या प्रत्याशी का नाम नहीं छपा होना चाहिए। यदि ऐसा मिला तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई की जायेगी। 

हेट स्पीच और सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर

जिला निर्वाचन अधिकारी नेहा शर्मा ने बताया कि चुनाव प्रचार के दौरान हेट स्पीच पर प्रशासन की पैनी नजर रहेगी। अगर किसी प्रत्याशी ने सांप्रादायिकता को बढ़ावा देने वाला भाषण दिया तो संबंधित के खिलाफ कार्रवाई होगी। इली तरह सोशल मीडिया पर भी जातिवाद या सांप्रदायिकता के बढ़ावा देने वाले कंटेंट पर भी जिला प्रशासन की टीम निगरानी करेगी। 

95 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे प्रत्याशी

लोकसभा चुनाव के लिए आयोग ने प्रत्याशियों के लिए अधिकतम खर्च की सीमा भी तय कर दी है। पूरे चुनाव में प्रत्याशी 95 लाख रुपये तक खर्च कर सकेंगे। खर्च की जाने वाली धनराशि का ब्योरा उन्हें रजिस्टर में दर्ज करना होगा और उसे जिला प्रशासन को उपलब्ध कराना होगा।  

6 सौ मतदान केंद्र संवेदनशील 

लोकसभा चुनाव में जिले के 6 सौ मतदान केंद्रों को संवेदनशील घोषित किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि संवेदनशील केंद्रों पर प्रशासन का कड़ा पहरा रहेगा और बेवकास्टिंग के जरिए इन्हे कवर किया जायेगा। 

 8 हजार लोग किए गए पाबंद

प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि चुनाव के लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है। शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान को लेकर पुलिस प्रशासन कटिबद्ध है और इसे पूरी कड़ाई और निष्पक्षता के साथ पूरा कराया जायेगा।

एसपी ने बताया कि सीआरपीएफ की दो कंपनी जिले में पहुंच चुकी है और स्थानीय पुलिस बल के साथ संवेदनशील इलाकों में लगातार गश्त की जा रही है। चुनाव के दृष्टिगत अब तक 8 हजार लोगों के पाबंद किया जा चुका है। यह कार्रवाई अभी आगे भी जारी रहेगी। 15 नई हिस्ट्रीशीट भी खोली गयी है। गुंडा एक्ट और गैगेस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो रही है। इसके अलावा संदिग्ध लोगों को चिन्हित किया जा रहा है।

फैक्ट फाइल

पांचवें चरण में होगा चुनाव  
अधिसूचना- 26 अप्रैल
नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख-   3 मई
नामांकन पत्रों की जांच- 4 मई
नामांकन पत्रों की वापसी- 6 मई
मतदान- 20 मई
वोटों की गिनती -4 जून

यह भी पढ़ें:-बहराइच: संघर्ष के बाद मिली जीत, अब वन टांगिया गांव महबूबनगर के लोग भी सरकार का कर सकेंगे चुनाव, लोगों में खुशी की लहर

संबंधित समाचार