सात चरणों के चुनाव भाजपा सरकार की विदाई की 'क्रोनोलॉजी' है- बोले अखिलेश यादव

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ। उत्‍तर प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए दावा किया कि सात चरणों के चुनाव भाजपा सरकार की विदाई की 'क्रोनोलॉजी' है। इसके साथ ही उन्होंने भाजपा को दुःख, दर्द और दमन का प्रतीक करार दिया। 

अखिलेश यादव ने यहां एक बयान में कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव 2024 सात चरणों में होने हैं और निर्वाचन आयोग की घोषणा का स्वागत है। उन्‍होंने कहा कि सात चरणों के चुनाव दरअसल दुःख, दर्द और दमन का प्रतीक बन चुकी भाजपा सरकार की सात चरणों में हो रही विदाई की 'क्रोनोलॉजी' (कालक्रम विज्ञान) है। 

अखिलेश यादव ने कहा कि जनता इन सात चरणों के चुनाव में भाजपा को हराएगी और केंद्र की सत्ता से बाहर निकाल फेंकेगी। उन्होंने कहा कि यही जनता की एक मात्र इच्छा और आकांक्षा है। निर्वाचन आयोग ने शनिवार को लोकसभा चुनाव 2024 के तारीखों की घोषणा की। उत्तर प्रदेश में लोकसभा चुनाव के सभी सात चरणों के तहत मतदान होगा, जो 19 अप्रैल से शुरू होकर एक जून को समाप्त होगा। यादव ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार के 10 वर्ष जनता के लिए परेशानी और यातनाओं से भरे रहे हैं।

 उन्होंने कहा कि महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय और अत्याचार सरकार का अभिन्न अंग बन गए हैं। पुलिस प्रशासन बेलगाम है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि पुलिस हिरासत में लोगों की मौतें हो रही है, महिलाएं एवं बच्चियां अपमानित और असुरक्षित हैं और 'डबल इंजन' की भाजपा सरकार में देश और प्रदेश का विकास नहीं हुआ है।

यादव ने कहा कि किसान हो या नौजवान सभी भाजपा सरकार में उपेक्षित हैं और किसानों को उनकी फसल का न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) की गारंटी नहीं दी जा रही है। उन्‍होंने कहा कि भाजपा की अहंकारी सत्ता का जवाब विपक्षी गठबंधन 'इंडिया' देगा।

ये भी पढ़ें -बहराइच में आग लगने से तीन घर जले, हजारों का सामान स्वाहा

संबंधित समाचार