Kanpur: परिषदीय स्कूलों के बच्चे अब पढ़ेंगे कोडिंग और एआई; एससीईआरटी ने किया पाठ्यक्रम में बदलाव
डायट की ओर से शिक्षकों को दिया गया प्रशिक्षण
कानपुर, अमृत विचार। परिषदीय विद्यालयों में नए सत्र से बच्चे कंप्यूटर का ज्ञान सीखेंगे। इसके लिए एससीईआरटी ने पाठ्यक्रम में बदलाव कर दिया है। छठवीं से आठवीं कक्षा तक के बच्चे अब विज्ञान विषय में डिजिटल लिटरेसी, कोडिंग, कंप्यूटेशनल थिंकिंग, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की पढ़ाई करेंगे।
डायट की ओर से शिक्षकों को दिए गए प्रशिक्षण में इसकी जानकारी गई। प्रशिक्षण के समापन पर शिक्षकों को नए सत्र के लिए अभी से ही तैयारी करने का मूलमंत्र दिया गया।
डायट की ओर से दिए गए प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को बताया गया कि नए सत्र से विद्यार्थियों को विद्यालय में पुस्तक उपलब्ध करा दी जाएगी। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 में डिजिटल साक्षरता को प्राथमिकता दी गई है। इसी के तहत नया सत्र विद्यार्थियों के लिए नई दिशाएं लेकर आएगा।
प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों को यह भी बताया गया कि राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद लखनऊ ने भी परिषदीय विद्यालयों के छठवीं से आठवीं कक्षा के पाठ्यक्रम में बदलाव किया है। खास बात यह है कि जनपद के शिक्षक शेखर यादव इस पाठ्यक्रम निर्माण के सदस्य भी रहे हैं।
शिक्षको को जानकारी दी गई कि जो नए कोर्स जोड़े गए हैं उनमें, कम्प्यूटर का परिचय, एमएस वर्ड, एक्सेल, पेंट, कोडिंग, स्क्रैच, पाइथन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, साइबर सुरक्षा व डेटा साइंस है। प्रशिक्षण के समापन पर यह बताया गया कि इस दौरान 200 उच्च प्राथमिक शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया है। प्रशिक्षण प्रभारी साधना सिंह ने बताया कि संस्थान में 200 शिक्षकों का डिजिटल लिटरेसी पाठ्यक्रम आधारित प्रशिक्षण 7 मार्च से लेकर 17 मार्च तक आयोजित किया गया।
अब नए सत्र में पुस्तक प्राप्त होते ही शिक्षक बच्चों को कम्प्यूटर की पढ़ाई करायेंगे। प्रशिक्षण के दौरान निदेशक, एससीईआरटी सरिता तिवारी ने डायट का निरीक्षण कर प्रशिक्षण ले रहे शिक्षकों से शत प्रतिशत बच्चों तक पाठ्यक्रम पहुंचाने की बात कही थी। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर शेखर यादव, पवन पटेल, विनय प्रकाश, गौरव श्रीवास्तव ने शिक्षकों को प्रशिक्षण दिया।
