Kanpur: कायाकल्प टीम ने किया सीएचसी चौबेपुर का निरीक्षण; रिपोर्ट के आधार पर मिलेगा सीएचसी को अवार्ड
स्पताल परिसर में टीम को हर्बल गार्डन नहीं मिला, कुछ जगहों पर गंदगी मिली
कानपुर, अमृत विचार। चौबेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) का सोमवार को बाह्य मूल्यांकन (एक्सटर्नल असेस्मेंट) राज्यस्तरीय कायाकल्प टीम ने किया। टीम को सीएचसी में कुछ जगहों पर गंदगी मिली। अस्पताल परिसर में टीम को हर्बल गार्डन नहीं मिला। इसके साथ ही कायाकल्प टीम ने आठ से अधिक बिंदुओं पर रिपोर्ट तैयार की। इस रिपोर्ट के आधार पर ही सीएचसी को वर्ष 2023-24 का आवार्ड मिलेगा।
चौबेपुर सीएचसी में सोमवार सुबह लखनऊ से राज्य समन्वयक क्वालिटी एश्योरेंस आरएस चौरसिया, वरिष्ठ मेडिकल ऑफिसर डॉ. बृजेश कुमार व जिला समन्वयक क्वालिटी एश्योरेंस (कन्नौज) डॉ. सुनील प्रजापति ने पहुंचे। सीएचसी चिकित्सा अधीक्षक डॉ. यशवर्धन सिंह समेत उनके अधीनस्त स्टाफ ड्रेसकोड में मिले। टीम ने प्रसव कक्ष, टीकाकरण कक्ष और प्रगति, परिवार नियोजन कार्यक्रम, लैब, बायो मेडिकल वेस्ट, मेडिसिन स्टोर, साफ-सफाई आदि चिकित्सीय सुविधाओं को परखा।
जनपदीय समन्वयक क्वालिटी एश्योरेंस डॉ.आरिफ बेग ने स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्टाफ को उनके बेहतर कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया। डॉ.आरिफ बेग के मुताबिक सीएचसी चौबेपुर की सुविधाओं में वृद्धि करने के प्रयास किए जा रहा है। मांग है कि अस्पताल का प्रवेश द्वार मानक के अनुसार हो, जानवरों का प्रवेश रोकने की व्यवस्था व हर्बल गार्डन की सुविधा हो, ताकि अस्पताल और अच्छा दिखे।
उन्होंने टीम के सदस्यों को बताया कि सेनिटाइजेशन एंड हाइजीन के तहत अस्पताल में सफाई मानकों के तहत की जा रही है। वेस्ट मैनेजमेंट के लिए साधारण कचरे व जैविक कचरे का प्रबंधन किया जाता है। संक्रमण नियंत्रण व रोकथाम, पीने का पानी, साफ चादर, तकिया, बेड आदि प्रदान करने का प्रयास किया जाता है। इसके साथ ही अस्पताल में कई प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम किए जाते हैं। इस दौरान साथ में बीपीएम मयंक मिश्रा और बीसीपीएम शिवानी समेत अन्य अधिकारी भी रहे।
