लखनऊ: केमिकल रंग आंखों में कर सकते हैं घाव, लाइलाज हो सकती है बीमारी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लखनऊ, अमृत विचार। होली रंगों का त्योहार है बिना रंगों के इस त्योहार में मजा नहीं आता, लेकिन होली खेलते समय रंगों पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। केमिकल और पेंट से बचना चाहिए, नहीं तो इसके गंभीर परिणाम पूरी जिंदगी झेलने पड़ सकते हैं। कई बार केमिकल और पेंट का प्रयोग आंखों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर डालता है। आंखों में अल्सर, पुतली पर सफेद धब्बे, रोशनी का कम होना जैसी परेशानी व्यक्ति को उठानी पड़ सकती है। इसमें खास बात यह है कि इलाज के बाद भी यह समस्या कई बार पूरी तरह से ठीक नहीं होती। ऐसे में हर्बल रंगों का प्रयोग ही होली पर्व में उत्तम होता है। यह जानकारी राजधानी के सीनियर आई सर्जन डॉ. मुजाहिद इस्लाम ने दी है। 

डॉ. मुजाहिद इस्लाम के मुताबिक होली में रंग खुशियों को दुगना कर देते हैं, लेकिन इनका चुनाव सावधानी पूर्वक करना चाहिए। जरा सी लापरवाही से गंभीर परिणाम सामने आ सकते हैं। आंखों की पुतली पर घाव हो सकता है, सफेदी आ सकती है। कुछ मामलों में आंखों की रोशनी पर भी असर पड़ता है। बहुत बार इलाज से भी इन समस्याओं से पूरी तरह से छुटकारा नहीं मिल पाता है। ऐसे में हर्बल रंग से होली खेलना सेहत के लिए अच्छा है।

रंग खेलते समय बरतें सावधानी

डॉ. मुजाहिद बताते हैं कि होली के दिन रंग खेलते समय आंखों पर चश्मा लगा कर रखना चाहिए या फिर कोशिश करनी चाहिए कि रंग आंखों में न जा सके। यदि इसके बाद भी आंखों में रंग चला गया है। साथ ही आंखों में जलन, दर्द, धुंधला दिखाई पड़ने की समस्या महसूस हो रही है तो तत्काल ठंडे पानी से आंखों को साफ करना चाहिए, लेकिन उसके बाद भी यदि राहत नहीं मिल रही है, तो तत्काल नजदीकी नेत्र रोग विशेषज्ञ से परामर्श लेना जरूरी है। डॉक्टर के अनुसार ही इलाज करना चाहिए।

डायबिटीज पीड़ित और बुजुर्ग रहें सावधान

होली हर्षोउल्लास का पर्व है। हर कोई इस पर्व में खूब रंग खेलता है,लेकिन डायबिटीज से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी की जरूरत होती है। बुजुर्गों को भी सावधान रहना चाहिए। इसके पीछे की वजह डायबिटीज के मरीजों और बुजुर्गों में रोग प्रतिरोधक क्षमता की कमी होना है। रोग प्रतिरोधक क्षमता की कमी होने से बीमारी ठीक हेाने में समय लगता है। इसलिए इलाज से बेहतर है बचाव करना।   

यह हो सकते हैं लक्षण

-आंखों में जलन
-लालिमा
-पानी निकलना
-धुंधला दिखाई पड़ना

यह भी पढ़ें: हरियाणा के मुख्यमंत्री सैनी ने पहला मंत्रिमंडल किया विस्तार, आठ मंत्री किए गए शामिल

संबंधित समाचार